जयपुर

राजस्थान में बढ़ी स्कूलों की छुटि्टयां: शिक्षकों के आंदोलन के बाद शिक्षा विभाग ने मानी मांगें

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (ABRSM) विद्यालय शिक्षा के महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा ने बताया कि राजस्थान के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुटि्टयां बढ़ा दी गई है। नया शैक्षणिक सत्र अब 21 जून के बजाय 29 जून से शुरू होगा।

2 min read
May 23, 2026
शिक्षा मंत्री से वार्ता करते हुए. Photo- Patrika

​जयपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (ABRSM) विद्यालय शिक्षा के महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा ने बताया कि राजस्थान के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुटि्टयां बढ़ा दी गई है। नया शैक्षणिक सत्र अब 21 जून के बजाय 29 जून से शुरू होगा। महेन्द्र कुमार लखारा ने बताया कि 29 मई को होने वाले जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन के भारी दबाव के बीच शुक्रवार देर रात शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने संगठन के शिष्टमंडल को वार्ता के लिए अपने निवास बुलाया और प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल और शिक्षा मंत्री के मध्य, छात्र एवं शिक्षक हित में विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई, जिसके बाद संगठन ने अपने आगामी आंदोलन के चरणों को स्थगित करने की घोषणा की।

जल्द जारी किए जाएंगे आदेश

उन्होंने बताया कि वार्ता के मुख्य बिन्दुओं में नया शैक्षणिक सत्र 21 जून के बजाय 29 जून से प्रारंभ करने तथा संस्था प्रधान अधिकृत अवकाश में की गई कटौती को वापस लेते हुए इसे यथावत दो दिवस रखने पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इसके आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे। तृतीय वेतन श्रृंखला के शिक्षकों के स्थानांतरण (तबादलों) के विषय पर शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध करने का आश्वासन दिया।

वेतन विसंगति को दूर करने का भरोसा दिया

शिक्षकों की पदोन्नति के मामले न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने के लिए शिक्षा मंत्री ने शिष्टमंडल के सामने ही विभागीय अधिकारियों और अतिरिक्त महाधिवक्ता को दूरभाष पर निर्देश दिए वहीं क्रमोन्नत किए गए विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति दिलाने और तृतीय श्रेणी शिक्षकों और प्रबोधकों की वेतन विसंगति को दूर करने के लिए वित्त विभाग के स्तर पर व्यक्तिगत प्रयास करने का भरोसा दिया।

स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां बढ़ने के बाद छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। अभिभावकों का कहना है कि भीषण गर्मी को देखते हुए 22 जून से बच्चों को स्कूल भेजना चिंता का विषय बन गया था। वहीं छात्रों में भी इस फैसले को लेकर खुशी देखी जा रही है। कई अभिभावकों ने सरकार के इस फैसले की सराहना की है और कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। मौसम सामान्य होने के बाद ही स्कूल खोलना उचित रहेगा ताकि बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य भी सुरक्षित रह सके।

ये भी पढ़ें

खुशखबरी: रामगंजमंडी में 63 करोड़ से बनेगा 200 बेड का अस्पताल, लोकसभा अध्यक्ष ने किया शिलान्यास
Updated on:
23 May 2026 05:40 pm
Published on:
23 May 2026 05:07 pm
Also Read
View All