जयपुर

Rajasthan : पहले चरण में भाजपा-कांग्रेस के 24 केंद्रीय स्टार प्रचारक रहे प्रचार से दूर, ये स्थानीय नेता अपनी ही सीट पर फंसे

Lok Sabha Elections 2024 : दोनों ही दलों से जुड़े नेताओं की मानें तो जो स्टार प्रचारक पहले चरण के चुनाव में नहीं आ पाए हैं, वो दूसरे चरण का प्रचार थमने से पहले प्रदेश में जनसभाएं और रोड शो कर सकते हैं।

2 min read
Apr 18, 2024

Lok Sabha Elections 2024 : जयपुर। पहले चरण के चुनाव का प्रचार बुधवार को थम गया। भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय स्टार प्रचारकों ने अंतिम दिन प्रचार में पूरी ताकत लगाई। लेकिन, दोनों ही दलों में अन्य राज्यों के कई ऐसे भी स्टार प्रचारक रहे, जिनकी राजस्थान से दूरी बनी रही। ये 24 स्टार प्रचारक प्रचार के लिए नहीं आए। इनमें बड़े नेता भी है, जिनकी कई लोकसभा क्षेत्रों में मांग रही।

जातिगत समीकरणों के लिहाज से प्रदेश संगठनों ने इनमें से कई स्टार प्रचारकों की जरूरत भी जताई, लेकिन इनके दौरे तय नहीं हो पाए। इनमें कांग्रेस के 14 और भाजपा के 10 केंद्रीय स्टार प्रचारक शामिल है। इनके अलावा प्रदेश के भी कई स्टार प्रचारक प्रत्याशी हैं, जो अपनी सीट से ही नहीं निकल पाए। इनमें भाजपा के छह और कांग्रेस का एक स्टार प्रचारक है।

दूसरे चरण के प्रचार में आ सकते हैं स्टार प्रचारक

वहीं, दोनों ही दलों से जुड़े नेताओं की मानें तो जो स्टार प्रचारक पहले चरण के चुनाव में नहीं आ पाए हैं, वो दूसरे चरण का प्रचार थमने से पहले प्रदेश में जनसभाएं और रोड शो कर सकते हैं। दोनों ही दलों के थिंक टैंक भी केंद्रीय स्टार प्रचारकों के दौरे तय करने में जुटे हैं।

भाजपा के 10 केन्द्रीय स्टार प्रचारक नहीं आए

केन्द्रीय मंत्री नीतिन गड़करी, गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, देवेन्द्र फडणवीस, केशव प्रसाद मौर्य, संजीव बालियान, कृष्णपाल सिंह गुर्जर, मनोज तिवारी, पुरुषोत्तम रूपाला पहले चरण के प्रचार में नहीं आए। भाजपा के प्रदेश संगठन के अनुसार स्टार प्रचारकों के दौरे केन्द्रीय नेतृत्व स्तर पर तय होते हैं। जो स्टार प्रचारक अभी तक नहीं आए, वे दूसरे चरण में प्रचार करेंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी केवल एक बार राजस्थान आए। वे प्रत्याशी दुष्यंत सिंह की सभा में शामिल हुए थे।

कांग्रेस के इन स्टार प्रचारकों की नहीं हुई एक भी सभा

कांग्रेस के जिन स्टार प्रचारकों की प्रदेश में एक भी सभा नहीं हो पाई है। उनमें रजनी पाटिल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मुकुल वासनिक, सुखविंदर सिंह सुक्खू, रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी, चरणजीत सिंह चन्नी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, पवन खेड़ा, अलका लांबा, बीवी श्री निवास और वरुण चौधरी हैं।

शेखावाटी अंचल में सर्वाधिक विधायक, यहां भी नहीं हुई सभा

विधानसभा चुनाव में शेखावाटी अंचल के सीकर और झुंझुनूं में कांग्रेस के सर्वाधिक विधायक जीतकर आए। इन लोकसभा सीटों में कांग्रेस के 16 विधायक हैं, इसके बावजूद यहां कहीं भी किसी केंद्रीय स्टार के दौरे नहीं हुए।

अपनी ही सीटों पर व्यस्त

लोकसभा चुनाव लड़ रहे भाजपा व कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय स्टार अपनी सीट से ही बाहर नहीं निकल पाए। भाजपा में ऐसे छह तो कांग्रेस में एक स्टार प्रचारक हैं। भाजपा के भूपेन्द्र यादव, अर्जुनराम मेघवाल, गजेन्द्र शेखावत, कैलाश चौधरी, सीपी जोशी, ओम बिरला और कांग्रेस के सीपी जोशी चुनाव मैदान में हैं। ये सभी अपनी सीट पर व्यस्त हैं।

इन नेताओं के हुए दौरे

कांग्रेस के केंद्रीय स्टार प्रचारकों में सर्वाधिक सभाएं और रोड शो प्रियंका गांधी के हुए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दो, राहुल गांधी दो, जिग्नेश मेवाणी तीन, सोनिया गांधी और दीपेंद्र हुड्डा एक-एक जनसभा कर चुके हैं।

Also Read
View All

अगली खबर