जयपुर

लू के साथ बरसे अंगारे, 6 जिलों में पारा 47 पार, सड़कों पर दमकल से पानी का छिड़काव

प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर है। गर्मी ऐसी कि मानो आसमान से अंगारे बरस रहे हों।

2 min read
May 24, 2018

जयपुर। प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर है। गर्मी ऐसी कि मानो आसमान से अंगारे बरस रहे हों। भीषण गर्मी और लू के चलते लोग घरों में कैद हो गए हैं। बुधवार को अधिकतम 48 डिग्री सेल्सियस के साथ बूंदी लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म रहा।

प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए यहां सड़को पर पानी का छिड़काव करवाया। हाड़ौती के अलावा मारवाड़ और मेवाड़ में भी लू और गर्मी का सितम जारी है। हाड़ौती में बूंदी के अलावा बारां और झालावाड़ में तापमान 47 डिग्री रहा।

जबकि धौलपुर में 47.5 और सवाईमाधोपुर में 47.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। रेगिस्तानी इलाके में दिन और रात के तापमान में 15 से 20 डिग्री का अंतर है, जो अन्य इलाकों की अपेक्षा ज्यादा है।

प्रमुख शहरों का तापमान
बूंदी- 48
धौलपुर- 57.5
सवाईमाधोपुर- 47.2
चित्तौडग़ढ़- 47
झालवाड़- 47
बारां- 47
अलवर- 45
बाड़मेर- 44.4

नौतपा से पहले तपाया
सीकर में रोहणी की तपन से पहले गर्मी कहर बरपा रही है। तेज गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह निढाल हो गया। सीकर में तापमान 44 और चूरू में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री पहुंच गया। शुक्रवार से नौतपा शुरू होना है।

जयपुर में पारा पहुंचा साल के सर्वाधिक स्तर 45.3

राजधानी में सांगानेर स्थित मौसम केन्द्र आंधी और तूफान के बाद अब गर्मी का भी सटीक अनुमान लगाने में फेल रहा है। मंगलवार को विभाग ने प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान फलौदी में 45.8 डिग्री बताया था। जबकि वास्तविकता में बूंदी में पारा 48 डिग्री पर पहुंच गया था। इधर राजधानी जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान इस साल के सर्वाधिक स्तर 45.4 डिग्री पर पहुंच गया।

जिससे दिन में झुलसाने जैसी गर्मी का अहसास रहा। सड़कें सूनी रही। गर्मी के कारण दुपहिया वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान वनस्थली में 46.4 डिग्री रहा। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में लू के हालात और अगले दो दिनों में कुछ जिलों में आंधी की चेतावनी भी दी है।

Published on:
24 May 2018 08:26 am
Also Read
View All