जयपुर

नेशनल हाईवे नेटवर्क में राजस्थान तीसरे, लेकिन टोल देने में दूसरे नंबर पर

देश में नेशनल हाईवे का निर्माण तेज गति से हो रहा है। नेशनल हाईवे नेटवर्क मामले में महाराष्ट्र पहले, उत्तर प्रदेश दूसरे और राजस्थान तीसरे नंबर पर है, लेकिन टोल वसूली से एनएचएआइ को मालामाल करने में उत्तर प्रदेश और राजस्थान दोनों राज्य महाराष्ट्र से बहुत आगे हैं। सबसे ज्यादा टोल वसूली उत्तर प्रदेश से हो रही है और दूसरे स्थान पर राजस्थान है।

2 min read
Apr 06, 2025

सबसे ज्यादा नेशनल हाईवे महाराष्ट्र में, लेकिन टोल वसूली में पहले उत्तर प्रदेश और राजस्थान आगे

जयपुर. देश में नेशनल हाईवे का निर्माण तेज गति से हो रहा है। नेशनल हाईवे नेटवर्क मामले में महाराष्ट्र पहले, उत्तर प्रदेश दूसरे और राजस्थान तीसरे नंबर पर है, लेकिन टोल वसूली से एनएचएआइ को मालामाल करने में उत्तर प्रदेश और राजस्थान दोनों राज्य महाराष्ट्र से बहुत आगे हैं। सबसे ज्यादा टोल वसूली उत्तर प्रदेश से हो रही है और दूसरे स्थान पर राजस्थान है।

राज्यसभा में हाल ही में एक प्रश्न के जवाब में केन्द्र सरकार ने बताया है कि पांच सालों ( 2020 से फरवरी 2025 ) में सबसे ज्यादा टोल कलेक्शन उत्तर प्रदेश (29 हजार 974 करोड़ रुपए) में हुआ है। दूसरे नंबर पर राजस्थान है, जहां पांच साल में एनएचएआइ ने 27 हजार 438 करोड़ रुपए टोल टैक्स के नाम पर वसूले हैं। टोल वसूली में तीसरे स्थान पर गुजरात है। गुजरात में इस अवधि में वाहन चालकों से 23 हजार 591 करोड़ करोड़ रुपए वसूले गए हैं। टोल टैक्स वसूली में महाराष्ट्र चौथे नम्बर पर है। यहां पांच सालों में 23 हजार 431 करोड़ रुपए वसूले गए हैं। पांचवे नम्बर पर तमिलनाडु है, जहां पांच सालों में 19 हजार 645 करोड़ रुपए टोल टैक्स से वसूले गए हैं।

महाराष्ट्र में 18 हजार किमी से ज्यादा नेशनल हाईवे नेटवर्क

एनएचएआइ की ओर से 31 दिसम्बर, 2024 तक की जो सूचना दी गई है, उसके मुताबिक महाराष्ट्र में 18 हजार 462 किलोमीटर नेशनल हाईवे का नेटवर्क है। उत्तर प्रदेश में 12 हजार 123 किलोमीटर नेशनल हाईवे है, जबकि राजस्थान में 10 हजार 733 किलोमीटर नेशनल हाईवे हैं। इनमें निर्माणाधीन हाईवे शामिल नहीं किए गए हैं।

हर साल बढ़ती जा रही टोल टैक्स वसूली

एनएचएआइ हर साल टोल टैक्स की बढ़ोतरी कर रही है। फास्ट टैग से वसूली में भी बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से सभी राज्यों में टोल टैक्स में बढ़ोतरी होती जा रही है। राजस्थान में 2020-21 में 3,330 करोड़, 2021-22 में 3,942 करोड़ , 2022-23 में 5,084 करोड़, 2023-24 में 5,885 करोड़ और फरवरी, 2025 तक 5,967 करोड़ रुपए की टोल टैक्स वसूली हुई है। राजस्थान में शाहजहांपुर टोल प्लाजा उन प्रमुख टोल प्लाजाओं में शामिल है, जहां देश भर में सबसे ज्यादा टोल वसूली होती है।

Published on:
06 Apr 2025 06:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर