5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: चिकित्सा विभाग में 25 हजार भर्तियां, जनजातीय-रेगिस्तानी इलाकों को मिलेगा फायदा

Health Department News: राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार ने नर्सिंग स्टाफ सहित 25 हजार अराजपत्रित पदों पर भर्तियां की हैं। उन्होंने रिक्त पदों और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति का ब्यौरा सदन में पेश किया।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Himesh Rana

Mar 05, 2026

Health Department News: राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार ने नर्सिंग स्टाफ सहित 25 हजार अराजपत्रित पदों पर नियुक्तियां की हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई, जहां सबसे ज्यादा पद खाली थे। खासतौर पर जनजातीय और रेगिस्तानी इलाकों में रिक्त पद भरने पर जोर दिया गया है। मंत्री ने यह भी बताया कि विभाग में 25 हजार और भर्तियां प्रक्रिया में है।

बागीदौरा क्षेत्र की स्थिति सदन में रखी

प्रश्नकाल के दौरान विधायक जयकृष्ण पटेल के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री ने बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र का विस्तृत विवरण पेश किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 117 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं, 14 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और 2 उप जिला चिकित्सालय है। इन संस्थानों में 438 अराजपत्रित पद स्वीकृत हैं, जिनमें 303 भरे हुए हैं और 135 रिक्त हैं। वहीं चिकित्सकों के 50 पदों में से 30 कार्यरत हैं और 20 पद खाली हैं।

शिकायतों की जांच और रिक्त पद भरने का आश्वासन

मंत्री ने आश्वस्त किया कि बागीदौरा क्षेत्र में चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को भविष्य में सीधी भर्ती या पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा। वर्ष 2021 से 2025 तक आयोजित समीक्षा बैठकों के निर्णय और उनकी वर्तमान स्थिति का विवरण भी सदन के पटल पर रखा गया।

सुविधाओं और बजट का भी दिया ब्यौरा

मंत्री ने बताया कि बागीदौरा क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों के लिए स्वीकृत बजट, खर्च की गई राशि और अधूरे कार्यों का पूरा विवरण सदन में प्रस्तुत किया गया है। पिछले पांच वर्षों में मिली शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी सदन को दी गई। सरकार का दावा है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार भर्ती और संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।