जयपुर

Rajasthan: NEET रिजल्ट के बाद जयपुर के छात्र ने सीकर में की खुदकुशी, 2 साल से कर रहा था तैयारी

Jaipur NEET Student Suicide: राजस्थान के सीकर जिले में NEET UG परीक्षा की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र निखिल ने नीट एग्जाम रिजल्ट में अपेक्षा से कम अंक आने के बाद हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र पिछले दो साल से तैयारी कर रहा था। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और मामले की जांच जारी है।
2 min read
Jul 19, 2026
Jaipur NEET Student Suicide in Sikar
सीकर में स्थित हॉस्टल (फोटो सोशल मीडिया)

Jaipur NEET Student Suicide in Sikar: सीकर: राजस्थान के कोचिंग हब माने जाने वाले सीकर जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा के परिणाम आने के बाद, कम अंक आने के अवसाद में एक 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक छात्र की पहचान निखिल के रूप में हुई है, जो जयपुर ग्रामीण के रामपुरा डाबड़ी का निवासी था और पिछले दो साल से सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

खिड़की से देखा तो फंदे पर लटका मिला छात्र

उद्योग नगर थानाधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि निखिल शहर के एक निजी हॉस्टल में अकेला रहता था। उसने इस साल 12वीं फाउंडेशन के साथ नीट की परीक्षा दी थी। परीक्षा परिणाम आने के बाद से वह तनाव में था। सुबह जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकला, तो हॉस्टल स्टाफ उसे जगाने पहुंचा।

बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो स्टॉफ ने अनहोनी की आशंका में खिड़की से अंदर झांका। अंदर निखिल का शव फंदे से लटका हुआ था। हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और छात्र के परिजनों को दी।

मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, मोबाइल भी नहीं रखता था छात्र

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। थानाधिकारी ने बताया कि निखिल पढ़ाई में काफी होशियार था और उसका पूरा ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर था। वह अपने पास मोबाइल तक नहीं रखता था। इस बार नीट के रिजल्ट में उसके कितने नंबर आए थे, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस अब उसके नीट एग्जाम के रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

सीकर में अवसाद का तीसरा मामला

गौरतलब है कि नीट यूजी परीक्षा को लेकर उपजे विवाद और तनाव के बाद सीकर में अवसाद के कारण छात्रों द्वारा आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और उनकी काउंसलिंग की जरूरत को रेखांकित किया है।

Updated on:
19 Jul 2026 09:08 pm
Published on:
19 Jul 2026 09:08 pm