Wedding Video Viral: इस कृत्य को रिकॉर्ड कर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
Jaisalmer News: जैसलमेर के झलारिया गांव में एक शादी समारोह के दौरान अफीम की मनुहार करते हुए वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। थाना भणियाणा पुलिस ने इस मामले में आयोजनकर्ता और दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
एसपी सुधीर चौधरी के अनुसार, यह कार्रवाई "ऑपरेशन नशा विहान" के तहत की गई है, जो मादक पदार्थों के खिलाफ जोधपुर रेंज स्तर पर चलाया जा रहा अभियान है। पुलिस ने इससे पहले क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को शादी या धार्मिक आयोजनों में नशा नहीं परोसने के लिए प्रेरित किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो झलारिया गांव निवासी भगाराम के घर में हुए विवाह समारोह का है, जिसमें भगाराम और उसके सहयोगी टीकूराम ने परंपरागत रूप से अफीम की पेशकश की थी। इस कृत्य को रिकॉर्ड कर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना भणियाणा के एसएचओ देवाराम की टीम ने भगाराम और टीकूराम के साथ अन्य सहयोगियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।