
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अजमेर सभा पर निशाना साधा है और इसके साथ ही चुनाव आयोग को भी घेरा। गहलोत ने अपने आॅफिशियल ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि पहले सुनने में आ रहा था कि 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की तारीखें डिक्लियर हो सकती हैं लेकिन मोदीजी की अजमेर सभा को देखते हुए इसे 6 अक्टूबर कर दिया गया। बाद में मोदीजी की अजमेर में सभा के समय को देखते हुए सुबह घोषित होने वाली प्रेसकांफ्रेंस के समय में बदलाव किया गया। गौरतलब है कि राजस्थान विधानसभा के चुनाव की घोषणा पहले पांच अक्टूबर को होनी थी। जिसमें बाद में बदलाव कर 6 अक्टूबर कर दिया गया था।
होगी जुमलों की बौछार
उधर उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने अपने आॅफिशियल ट्विटर पर जुमला अलर्ट!! शीर्षक देते हुए लिखा है आज हो सकती है चुनाव के तारीखों की घोषणा, जनसाधारण से अनुरोध है कि घर से छाता लेकर ही निकलें, भाजपा नेताओं द्वारा गरज के साथ जुमलों के बौछार की प्रबल संभावना है।
पूर्व वित्त मंत्री ने निकाली भड़ास
भारतीय जनता पार्टी के बागी नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी निर्वाचन आयोग पर अपनी भड़ास निकाली है। सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री अजमेर में रैली कर सकें इसके लिए ईसी ने अपनी प्रेसवार्ता का समय बदल दिया। जो काफी निराशाजनक है। आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने आयोग के समय बदलने को लेकर सवाल पूछा था कि किसके इशारे पर आयोग ने समय में बदलाव किया।