
जयपुर। बस्सी के सांभरिया निवासी पवन पंचाल (26) का दिल मौत के बाद भी धडक़ता रहेगा। वहीं लिवर और दोनों किडनियां भी जिंदा रहेंगी। दुनिया से विदा होने के बाद भी वह चार मरीजों को नया जीवन दे गया। सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में रविवार को ब्रेन डेड घोषित किए गए पवन के परिजनों की सहमति के बाद सोमवार शाम उसके चारों अंगों के प्रत्यारोपण की प्रक्रिया शुरू हो गई। लिवर प्रत्यारोपण देर रात तक एसएमएस में शुरू होने की संभावना के साथ ही दिल को दिल्ली के निजी अस्पताल में भेजे जाने की प्रक्रिया जारी थी। इसके अलावा दोनों किडनियों का प्रत्यारोपण एसएमएस में किया जाएगा।
पत्नी ने समझा अंगदान का महत्व और ले लिया निर्णय
पेशे से मजदूर पवन 29 मार्च को सडक़ दुर्घटना में गंभीर घायल हो गया था। उसे एसएमएस के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया था, जहां रविवार को उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। पत्नी ज्योति का कहना था कि अंगदान का महत्व समझने के बाद अंग दान का निर्णय लिया। उसके दो माह का बच्चा भी है।
पवन
लिवर : एसएमएस में
हृदय : दिल्ली में
किडनियां: एसएमएस में दो रोगियों को
एसएमएस अस्पताल का चौथा लिवर ट्रांसप्लांट
एसएमएस अस्पताल में यह अब तक का चौथा लिवर ट्रांसप्लांट है। इसके लिए दिल्ली की टीम जयपुर आई। वहीं हार्ट फिर दिल्ली भेजा जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यहां मरीज में क्रॉस मैचिंग नहीं मिलने के कारण ऐसा किया जा रहा है। जयपुर में निजी अस्पताल में हृदय प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध है।
- परिजनों की समझाइश के बाद ब्रेन डेड युवक का लिवर, हॉर्ट व किडनियां प्रत्यारोपित करने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिए हैं। मंगलवार सुबह तक प्रत्यारोपण आदि की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने की संभावना है।
डॉ.डी.एस.मीणा, अधीक्षक, सवाई मानसिंह अस्पताल