जयपुर

Rajasthan Panchayat Chunav Result: CM भजनलाल से वसुंधरा, गहलोत और पायलट तक… जानें राजस्थान पंचायत चुनाव में किसका चला जादू

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: पंचायत चुनाव के नतीजों ने प्रदेश के दिग्गज नेताओं के राजनीतिक प्रभाव और अपने क्षेत्रों में पकड़ उजागर कर दी है। कहीं नेताओं के परिजन जीत दर्ज कर राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सफल रहे तो कहीं हार का सामना करना पड़ा।
3 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 7:50 AM IST
Bhajan Lal Sharma Ashok Gehlot Vasundhara Raje Sachin Pilot
भजनलाल शर्मा, अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और सचिन पायलट। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। पंचायत चुनाव के नतीजों ने प्रदेश के दिग्गज नेताओं के राजनीतिक प्रभाव और अपने क्षेत्रों में पकड़ उजागर कर दी है। कहीं नेताओं के परिजन जीत दर्ज कर राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में सफल रहे तो कहीं हार का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व अशोक गहलोत से लेकर भाजपा-कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तक के गृह एवं विधानसभा क्षेत्रों में आए नतीजों से सियासी समीकरण बदले हैं। दिग्गजों को यह परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव तक चुनौती के रूप में लेना होगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: गृह जिले भरतपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने 21 सीटों के साथ बहुमत हासिल कर लिया है। भाजपा को 9 और आरएलपी ने एक सीट मिली है। 7 पंचायत समितियों की 159 सीटों में कांग्रेस 46, भाजपा 32, निर्दलीय 76, अन्य ने 5 सीटें जीतीं।

Rajasthan : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़। फोटो पत्रिका

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़: गृह क्षेत्र सुमेरपुर पंचायत समिति में कुल 21 वार्ड में से 14 में कांग्रेस जीती। केवल चार वार्ड में भाजपा जीत सकी। 3 निर्दलीय पार्षद जीते। पाली पंचायत समिति में कुल 17 वार्ड में भाजपा चार वार्ड जीती। जबकि कांग्रेस ने 12 वार्ड में जीत हासिल की।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे: झालावाड़ जिला परिषद में कुल 33 सीटों में से 17 भाजपा और 16 कांग्रेस ने जीती है। विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन पंचायत समिति में भाजपा ने अपना बहुमत कायम रखा, लेकिन पिड़ावा पंचायत समिति में कांग्रेस ने बहमत हासिल कर लिया।

बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ (File Photo)

राजेंद्र राठौड़: उनके बेटे पराक्रम सिंह ने 7,810 मतों और पुत्रवधू कनिका सिंह ने 2,384 मतों से जीत दर्ज की। हालांकि, जिला परिषद में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया। परिवार को मिली दोहरी जीत के बावजूद पार्टी अपना दबदबा कायम नहीं कर सकी।

Rajyavardhan Singh Rathore - File PIC

मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़: झोटवाड़ा और जोबनेर पंचायत समितियों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। झोटवाड़ा में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। यहां 15 वार्डों में से भाजपा को महज एक पर जीत मिली। वहीं, जोबनेर में भी कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत हासिल किया।

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा: खर्रा की पत्नी शांति देवी, दोनों बेटे और भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा चुनाव हार गए। छोटे बेटे अजय भाजपा के टिकट पर, जबकि बेटे बेटा दुर्गा सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। वार्ड 19 से दुर्गा को मात्र 3 वोटों के अंतर से हार मिली।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत: जोधपुर में पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने बढ़त मिली। जिला परिषद के 43 वार्डों में से कांग्रेस ने 32 पर जीत दर्ज की। 23 पंचायत समितियों के कुल 351 वार्डों में से 196 पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। जिले में कांग्रेस की मजबूत स्थिति सामने आई है।

govind singh dotasra

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा: लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों लक्ष्मणगढ़, बलारां और नेछवा के कुल 45 वार्डों में से कांग्रेस ने 28 पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया। भाजपा को 14 सीटें मिलीं। तीन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी जीते।

राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली : मालाखेड़ा और उमरैण में सक्रिय रहे। इसके बावजूद उमरैण के 25 वार्डों में कांग्रेस को 9 सीटें ही मिलीं। इतने ही वार्डों में निर्दलीय जीते। भाजपा दूसरे स्थान पर रही। वहीं, मालाखेड़ा में भाजपा, कांग्रेस से एक सीट आगे रही।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट: टोंक जिला परिषद में 31 में से कांग्रेस को 25 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं जिले की 8 पंचायत समितियों की 160 सीटों में से 94 पर कांग्रेस जीती है और 7 में बहुमत मिला है। पायलट ने इसके लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।