
जयपुर। ऑनलाइन Police Bharti परीक्षा कराने में मुंह की खाने वाली राजस्थान पुलिस ने अब बीस हजार सिपाहियों के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से शुरू कर दी है। भर्ती प्रक्रिया तय करने के लिए पिछले सप्ताह एक बैठक का आयोजन किया गया था। अप्रेल महीने के पहले सप्ताह में फिर से एक बैठक का आयोजन कर भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सकता है। भर्ती परीक्षा में इस बार कुछ नए प्रयोग भी किए जा सकते हैं। इसे लेकर फिलहाल अफसरों की चर्चा जारी है। Police Bharti परीक्षा फिर से प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा साबित हो सकती है।
Rajasthan Police Bharti
परीक्षा के दौरान नेट रहेगा बंद
भर्ती प्रक्रिया में इस बार पहली दफा कुछ नए प्रयोग किए जा सकते हैं। कुछ रिटायर और वर्तमान आईपीएस अफसरों का प्रस्ताव है कि इस बार लिखित परीक्षा से पहले आवेदकों का फिटनेस टेस्ट ले लिया जाए। टेस्ट लेने से संभवत: बीस से तीस प्रतिशत आवेदक बाहर हो सकते हैं। यह संख्या भी लाखों में होनी है। इतनी बड़ी संख्या में अगर आवेदक बाहर होते हैं तो फिर बाकि की परीक्षा में पुलिस अफसर कुछ राहत ले सकते हैं और उनकी मशक्कत कुछ कम हो सकती है। आगे आने वाली परीक्षाओं में नेट पूरी तरह से बंद करने, नीट और अन्य परीक्षाओं की तरह नियम बनाए जाने के प्रस्ताव भी रखे जा रहे हैं। साथ ही हर जिले में अलग प्रश्न पत्र भी दिए जा सकते हैं।
आ सकते हैं तीस लाख आवेदन
पांच हजार तीन सौ पदों पर होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा इस बार बीस हजार पदों पर हो रही है। प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है कि इतनी बड़ी संख्या में सिपाहियों की एक साथ भर्ती की तैयारी की जा रही है। इस बार हो रही बीस हजार पदों की भर्ती में सरकार का मानना है कि तीस लाख आवेदक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। अब सरकारी अफसरों के सामने यह चुनौती है कि इतनी बड़ी भर्ती प्रक्रिया को किस तरह से मैनेज किया जाता है। बताया जा रहा है कि इस बार भर्ती के लिए आवेदन शुल्क भी बढ़ाया जा सकता है।