Rajasthan Politics: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के ‘ट्रबल इंजन’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला।
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला। मदन राठौड़ ने कहा है कि अब कांग्रेस की भ्रम और अफवाह की राजनीति नहीं चलेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार को ‘ट्रबल इंजन’ कहना जनता को गुमराह करने का प्रयास है, लेकिन अब जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और ऐसे भ्रामक प्रचार को स्वीकार नहीं करेगी।
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस वर्षों से झूठे आरोप लगाकर राजनीति करती रही है, लेकिन अब लोग विकास, रोजगार और सुरक्षित जीवन को प्राथमिकता दे रहे हैं। दरअसल, डोटासरा ने बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार को 'डबल इंजन' की बजाय 'ट्रबल इंजन' वाली सरकार कहा था। डोटासरा के इसी बयान पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि अब ‘ट्रबल’ कांग्रेस को होने वाली है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन सरकार का मतलब केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से तेज विकास है। इसी कारण राम जल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते जैसे लंबे समय से अटके कार्य अब जमीन पर उतरे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा के चुनावी नारे 'डबल इंजन सरकार' पर निशाना साधते हुए कहा था कि आज राजस्थान की आम जनता हाशिए पर है। उन्होंने कहा था कि सच्चाई यह है कि जिसे ये 'डबल इंजन' कहते थे, वो अब राजस्थान के लिए 'ट्रबल इंजन' बन चुकी है। भाजपा की प्राथमिकता जनसेवा नहीं, बल्कि केवल इवेंट मैनेजमेंट और झूठी वाहवाही लूटना है।