जयपुर

Rajasthan Rain Alert: राजस्थान में शुक्रवार को भी आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, यहां हुई बारिश और गिरे ओले

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य के कई संभागों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

2 min read
Mar 19, 2026
राजस्थान में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी: फोटो पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य के कई संभागों में मेघगर्जन, तेज आंधी और बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटों में भी कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र सक्रिय बना हुआ है। इसके चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश बाड़मेर में 16.6 मिमी रिकॉर्ड की गई है।

यहां हुई बारिश के साथ ओलावृष्टि

मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली और हल्की बारिश हुई। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई।

20 मार्च को इन जिलों में अलर्ट

20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 मार्च से पूरे राज्य में मौसम शुष्क हो जाएगा। हालांकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में एक बार फिर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

अधिकतम तापमान में गिरावट

आंधी और बारिश के असर से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

बारिश के साथ ओले गिरे

अलवर जिले में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम में अचानक आए बदलाव से किसान चिंतित नजर आए। गुरुवार अपराह्न तीन बजे अलवर जिला मुख्यालय पर 15 मिनट तक हुई बारिश के दौरान करीब एक से डेढ़ मिनट तक चने के आकार के ओले भी गिरे। जिले अन्य क्षेत्रों में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे गेहूं की फसल खेतों में पसर गई। इधर, बहरोड़-कोटपूतली जिले के बानसूर और नारायणपुर क्षेत्र में बारिश हुई और चने के आकार के ओले गिरे। बारिश व ओलों से फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं, खैरथल-तिजारा जिले खैरथल, मुंडावर, सोडावास आदि क्षेत्रों में दोपहर में बारिश हुई।

Published on:
19 Mar 2026 09:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर