
Hailstorm India: जयपुर. राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को अलवर, सीकर, जैसलमेर, बाड़मेर सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। अलवर में सुबह की उमस और गर्मी के बाद दोपहर में अचानक काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
फलोदी जिले के लोहावट कस्बे में भी सुबह और शाम दोनों समय बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और आवागमन प्रभावित रहा। वहीं सीकर में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जहां करीब 30 सेकंड तक ओले गिरे।
इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में गेहूं और चने की फसल पूरी तरह पककर तैयार है और कई जगह कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में बारिश और तेज हवा से फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कट चुकी फसल के खराब होने और खड़ी फसल के गिरने से पैदावार पर असर पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि यदि तेज हवाएं जारी रहीं तो गेहूं की फसल जमीन पर बिछ सकती है, जिससे दाने की गुणवत्ता खराब हो सकती है।
बाड़मेर और जैसलमेर में जीरा और ईसबगोल की फसलों को भी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग द्वारा फसल खराबे का आकलन किया जा रहा है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार यह मौसम परिवर्तन 20 मार्च तक जारी रह सकता है। शुक्रवार को भी कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में भी करीब 9 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन किसानों के लिए यह राहत चिंता में बदल गई है।
जयपुर. भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तत्काल (नाउकास्ट) चेतावनी जारी की है। जारी अलर्ट के अनुसार आगामी तीन घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यह चेतावनी विशेष रूप से जैसलमेर, बाडमेर,जयपुर, जालोर, सवाईमाधोपुर,बूंदी, धौलपुर, टोंक, बारां, कोटा,जोधपुर, नागौर,पाली, चूरू, बीकानेर, अजमेर, भीलवाडा, चित्तौडगढ, राजसमंद व डूंगरपुर,बांसवाडा में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आगामी तीन् घंटे बारिश की चेतावनी दी है।
लोगों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अलर्ट तात्कालिक स्थिति को देखते हुए जारी किया गया है और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहना आवश्यक है।
Updated on:
19 Mar 2026 08:43 pm
Published on:
19 Mar 2026 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
