जयपुर

रिफाइनरी प्रोजेक्ट – पानी, प्रोडक्ट, दो क्रूड़ ऑयल के साथ ऑफिस-टाउनशिप का अब होगा काम

रिफाइनरी- पानी, प्रोडक्ट, दो क्रूड़ ऑयल के साथ ऑफिस-टाउनशिप का अब होगा काम, इस साल डेढ़ से दो हजार करोड़ के कार्यों के होंगे टेण्डर
2 min read
• •
Updated: 10 May 2018, 10:45 PM IST
file photo
file photo

sunil singh sisodia

जयपुर।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रिफाइनरी के काम को तेज करने को लेकर राज्य सरकार और एचपीसीएल ने प्रक्रिया तेज कर दी है। चार तरह की पाइप लाइन डालने, साइट ऑफिस और टाउनशिप सहित तमाम रिफाइनरी के काम कराने को लेकर अगले तीन माह में काम और तेज हो जाएगा। चारदीवारी, इंटरनल सड़क, जमीन समतलीकरण, मृदा परीक्षण और पाइपलाइन सर्वे के काम के साथ अब पाइप लाइनों के बिछाने का काम तेज होगा। एचपीसीएल और राज्य सरकार की संयुक्त कंपनी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) के अधिकारी दावा कर रहे
हैं कि तीन माह में चारों पाइपलाइन के टेण्डर कर काम चालू करा दिया जाएगा। इसके साथ ही साइट ऑफिस और टाउनशिप के काम शुरू होंगे। चालू वित्तीय वर्ष में डेढ से दो हजार कराड़ के काम कराए जाने का लक्ष्य रखा
गया है।


रिफाइनरी में हिस्सेदारी
एचपीसीएल - 74 फीसदी
राजस्थान सरकार - 26 फीसदी


यूं कामों पर खर्च हो रही राशि...
वित्तीय वर्ष 2017-18 में खर्च - 255 करोड़
वित्तीय वर्ष 2018-19 में खर्च - 1500 से 2000 करोड़

222 करोड़ सरकारी की हिस्सेदारी लागत में होंगे शामिल...
रिफाइनरी के लिए राज्य सरकार की ओर से आवंटित जमीन की कीमत करीब 222 करोड़ रुपए आंकी गई है। ऐसे में राज्य सरकार पहले रिफाइनरी में खर्च होने वाली राशि में अपनी हिस्सेदारी 26 फीसदी की एवज में जमीन राशि की भरपाई कराएगी। पिछले वित्तीय वर्ष में खर्च हुए 255 करोड़ में करीब 67 करोड़ अपने हिस्से की कटौती सरकार ने इसी जमीन की राशि में से कराई है। शेष राशि आगे होने वाले खर्च में शामिल होगी। इसके बाद सरकार पर निर्माण लागत
को लेकर वित्तीय भार बढ़ेगा।


अब तक 500 करोड़
रिफाइनरी की 33 किमी लम्बाई में चारदीवारी निर्माण, अंदरूनी करीब 26 किमी लम्बाई की सड़क, पानी, क्रूड़ और प्रोडक्ट लाइन सर्वे जमीन समतलीकरण और सोयल टेस्टिंग (मृदा परीक्षण) सहित अन्य कार्यों को लेकर अब तक करीब 500 करोड़ के टेण्डर किए जा चुके हैं।


अब 1500 करोड़ के होंगे टेण्डर, तीन माह में होंगे काम चालू
- केयर्न के जैसलमेर स्थित मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल साइट से पचपदरा रिफाइनरी तक करीब 80 किमी लम्बी क्रूड पाइप लाइन डाली जाएगी

- इंदिरा गांधी नहर के नाचना डेम से पानी की पाइप लाइन डाली जाएगी

- रिफाइनरी में तैयार होने वाले पेट्रोल, डीजल, केरोसिन सहित अन्य
प्रोडक्ट बाहर भेजने के लिए प्रोडक्ट पाइप लाइन डाली जाएगी

- राजस्थान में रिफाइनरी के लिए क्रूड़ ऑयल कम पडऩे पर बाहर से क्रूड़
मंगाए जाने को लेकर करीब 650 किमी लम्बी पाइप लाइन गुतरात के भोगत से
बाड़मेर की पचपदरा रिफाइनरी तक डाली जाएगी।

- पचपदरा रिफाइनरी की प्रोडक्ट लाइन भटिण्डा रिफाइनरी की प्रोडक्ट पाइप लाइन से जुड़ेगी। भटिण्डा से मुद्रा जा रही पाइप लाइन से पचपदरा करीब डेढ़ सौ किमी दूर है।


साइट ऑफिस और टाउनशिप का जल्द होगा काम शुरू
रिफाइनरी में तमाम तरह की पाइप लाइन, सड़क, नल, बिजली सहित अन्य विकास कार्यों के साथ जल्द रिफाइनरी के साइट ऑफिस और टाउनशिप का काम शुरू होगा। टाउनशिप रिफाइनरी में काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और मजदूरों के लिए तैयार होगी। इसके काम भी जल्द चालू होगा।

Published on: