जयपुर

Patrika Expose: जयपुर में वर्दी गार्ड की, रौब थानेदार का: खाकी की आड़ में उगाही, किसकी शह पर चल रहा ये खेल?

राजस्थान के आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों और हाईवे उड़नदस्तों में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड नियमों के विरुद्ध खाकी वर्दी पहनकर वाहन चालकों पर पुलिस का रौब दिखा रहे हैं। जयपुर रिंग रोड और धौलपुर से कथित वसूली व मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद परिवहन आयुक्त ने वर्दी बदलने के निर्देश देने की बात कही है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 10:21 AM IST
RTO DTO flying squad illegal extortion
खाकी की आड़ में लोगों से उगाही कर रहे निजी गार्ड (Photo-Patrika)

जयपुर. अगर आप राजस्थान की सड़कों पर खाकी देखकर सीधे गाड़ी किनारे लगा देते हैं, तो जरा ठहरिए। हो सकता है सामने पुलिस नहीं, परिवहन विभाग का 'वर्दीधारी गार्ड' खड़ा हो। जी हां! सड़क पर खाकी वर्दी दिखते ही वाहन चालक आमतौर पर पुलिस की वर्दी समझ लेता है। इसी भरोसे और रौब का इस्तेमाल राजस्थान के परिवहन विभाग में तैनात सुरक्षा गार्ड कर रहे है। विभाग में निजी कंपनी के माध्यम से लगाए गए भूतपूर्व सैनिकों को खाकी वर्दी पहनने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों से लेकर हाईवे पर वाहनों की जांच करने वाले उड़नदस्तों तक गार्ड खाकी पहनकर ड्यूटी कर रहे है। मामला सिर्फ ड्रेस कोड के उल्लंघन तक सीमित नहीं है। खाकी की आड़ में वाहन चालकों पर दबाव बनाने और कथित वसूली के आरोप भी लगते रहे हैं।

परिवहन विभाग में इन गार्डों की नियुक्ति निजी कंपनी के माध्यम से होती है। वे परिवहन मुख्यालय से लेकर आरटीओ डीटीओ कार्यालयों में तैनात है। वाहनों को रोकने और जांच के दौरान उड़नदस्तों के साथ भी उनकी मौजूदगी रहती है। ऐसे में खाकी पहने गार्डों को देखकर वाहन चालकों में पुलिसकर्मी होने का भ्रम पैदा होता है। आरोप है कि इसी भ्रम का फायदा उठाकर वे वाहन चालकों पर रौब दिखाते हैं।

खाकी पर आपत्ति के बाद मुख्यालय में बदली थी वर्दी

कंपनी ने गार्डों के लिए अलग ड्रेस कोड निर्धारित कर रखा है। उनके खाकी पहनने पर कंपनी ने आपत्ति भी दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवहन मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वहां तैनात गार्डों की वर्दी बदल दी। हालांकि, यह बदलाव जिलों तक नहीं पहुंचा। आरटीओ-डीटीओ कार्यालयों और उड़नदस्तों में गार्ड अब भी खाकी वर्दी में नजर आ रहे हैं।

गार्डों की वर्दी का मामला सामने आया है। मुख्यालय में तैनात गार्डों की वर्दी बदल दी गई है। शेष गार्डों की वर्दी भी नियमानुसार बदलने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
-पुरुषोत्तम शर्मा, परिवहन आयुक्त

सड़क पर मनमानी के वीडियो

धौलपुरः बरैठा चौकी के पास ट्रक रोकने को लेकर विवाद हुआ। कथित वसूली का वीडियो बनाने पर उड़नदस्ते के गार्डों और लोगों के बीच मारपीट हुई। वायरल वीडियो में मुंह पर कपड़ा बांधे गार्ड लाठी-डंडे चलाते नजर आए।

जयपुरः रिंग रोड पर भी एक वीडियो में गार्ड ट्रक के पीछे जाकर चालक से कथित वसूली करते दिखाई दिए। इन घटनाओं ने सड़क पर गार्डों की भूमिका और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Updated on:
23 Nov 2026, 10:21 AM IST
Published on: