
जयपुर. दीपावली पर बाजारों की रोशनी देखने और खरीदारी के लिए निकलने से पहले रास्तों और पार्किंग की जानकारी जरूर कर लें। परकोटे से लेकर गौरव टावर, राजा पार्क, वैशाली नगर और मानसरोवर तक प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था बदली गई है। यातायात पुलिस की ओर से 6 से 9 नवंबर तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शाम 6 बजे के बाद परकोटे में कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार और संजय बाजार सहित कई बाजार नो व्हीकल जोन रहेंगे। मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े करने वालों के चालान ड्रोन और कैमरों से किए जाएंगे।
जौहरी बाजार, हवामहल बाजार, रामगंज बाजार, त्रिपोलिया बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार, गणगौरी बाजार, चांदपोल बाजार, एमआई रोड, अशोका मार्ग, टोंक रोड, जेएलएन मार्ग, भगवानदास रोड, पृथ्वीराज रोड और संसार चंद्र रोड पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। यहां वाहन खड़े करने पर ड्रोन और कैमरों से चालान किए जाएंगे।
गौरव टावर के आसपास सेक्टर-10 से जेएलएन मार्ग की तरफ वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। जयपुर स्टॉक एक्सचेंज, क्रिस्टल कोर्ट मॉल और गौरव टावर-जीटी मॉल के बीच भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। राजा पार्क में गोविंद मार्ग से परनामी मंदिर चौराहा होते हुए आर्य समाज रोड और पंचवटी सर्कल जा सकेंगे। वैशाली, आम्रपाली बाजार आने वाले वाहन अमर जैन अस्पताल, नेशनल हैंडलूम के पास जेडीए पार्किंग और गांधी पथ स्थित यादव फार्म में खड़े कर सकेंगे। मानसरोवर में जरूरत के अनुसार मिनी बस और लो-फ्लोर बसों को भृगु पथ व एसएफएस चौराहे से समानांतर डायवर्ट किया जाएगा।
6 से 9 नवंबर तक परकोटा, संसार चंद्र रोड, एमआई रोड, अशोका मार्ग, यादगार तिराहे से रामबाग चौराहे और एमडी रोड पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो व ऑटो रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। अनुमति प्राप्त क्यूआर कोड वाले ई-रिक्शा चल सकेंगे। पर्यटक और सार्वजनिक परिवहन की बसें शाम 6 से रात 12 बजे तक परकोटे में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। मेट्रो देर रात तक चलेगी। यातायात संबंधी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095, 2565630, 2561256 और व्हाट्सऐप नंबर 8764866972 पर संपर्क कर सकते हैं। एंबुलेंस, आपातकालीन वाहनों को छूट रहेगी। पैदल यात्रियों के लिए भी निर्धारित मार्ग तय हैं।
चांदपोल गेटः चांदपोल बाजार से छोटी चौपड़ पहुंचकर त्रिपोलिया बाजार रोड, चौड़ा रास्ता, न्यू गेट, रामनिवास बाग और मान प्रकाश स्लिप लेन से टोंक रोड व जेएलएन मार्ग जा सकेंगे।
अजमेरी गेटः किशनपोल बाजार से छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार रोड, चौड़ा रास्ता और न्यू गेट होते हुए टोंक रोड व जेएलएन मार्ग जा सकेंगे।
अजमेरी गेटः जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और चौड़ा रास्ता होते हुए रामनिवास बाग से बाहर निकल सकेंगे।
घाटगेटः घाटगेट बाजार, रामगंज चौपड़, बड़ी चौपड़ और चौड़ा रास्ता होते हुए न्यू गेट, रामनिवास बाग, चार दरवाजा और सूरजपोल गेट से निकल सकेंगे।
बापू बाजार, नेहरू बाजार, इंदिरा बाजार, संजय बाजार, गणगौरी बाजार (छोटी चौपड़ से सार्दुल सिंह की नाल तक), बांदरवाले गेट से बड़ी चौपड़ के बीच और रामनिवास बाग से सांगानेरी गेट के बीच वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। छोटी चौपड़ से संजय सर्किल, अजमेरी गेट और चौगान चौराहे की तरफ भी यातायात बंद रहेगा। त्रिपोलिया गेट से छोटी और बड़ी चौपड़, सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ तथा बड़ी चौपड़ से सांगानेरी गेट व रामगंज चौपड़ की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट और मिनर्वा सर्किल सहित कई मार्गों पर भी प्रतिबंध रहेगा।