Rajasthan : राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय 'प्रशासन शहरों के संग' अभियान के तहत 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक वार्डवार शिविर लगाएंगे। 'प्रशासन शहरों के संग' में होंगे ये कार्य।
Rajasthan : राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय "प्रशासन शहरों के संग" अभियान के तहत 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक वार्डवार शिविर लगाएंगे। यह प्रदेश में होने वाले शहरी निकायों के चुनावों से कुछ महीने पहले होने जा रहा है। इस अभियान के तहत सफ़ाई, रोड लाइट, ज़मीन के पट्टे वितरण, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और ट्रेड लाइसेंस जारी करने जैसे काम किए जाएंगे।
4 से 13 सितंबर तक पूरे राज्य में प्री-कैंप भी लगाए जाएंगे। जहां पर आम जनता अपने इलाकों की समस्याएं उठा सकती है। अधिकारियों ने बताया कि ये कैंप राज्यभर के निकायों में मुख्य कार्यालय के साथ-साथ ज़ोन कार्यालयों और वार्ड स्तर पर बने सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
जेएमसी ग्रेटर आयुक्त गौरव सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्री-कैंपों में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें तथा जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
आयुक्त गौरव सैनी ने बताया कि शहरी नागरिकों की कठिनाइयों के समाधान, प्रदत्त सेवाओं के त्वरित निस्तारण तथा जन समस्याओं के समाधान के लिए प्री-कैंप का आयोजन जोन स्तर पर वार्डवार किया जाएगा। प्री-कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।
जेएमसी हेरिटेज में किशनपोल जोन और हवामहल जोन के अंतर्गत आने वाले वार्डों के लिए प्री-कैंप 4 से 12 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे, जबकि आदर्श नगर जोन के लिए प्री-कैंप 8 से 12 सितंबर तक और सिविल लाइंस जोन के लिए प्री-कैंप 8 से 13 सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
1- स्वच्छता प्रणाली में सुधार और ब्लैक स्पॉट को समाप्त करना।
2- पब्लिक प्लेस, जैसे पार्क, सामुदायिक केंद्र और रात्रि आश्रय स्थल को दुरुस्त किया जाएगा।
3- जन्म, मृत्यु और विवाह के प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
4- फॉयर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, डेरी बूथ परमिट जारी होंगे।
5- पार्कों के लिए जगह का चयन होगा।
6- सीवर कनेक्शन जारी किए जाएंगे
7- आवारा पशुओं को पकड़ जाएगा।
8- नई स्ट्रीट लाइट लगेगी
9- भूमि का पट्टा होगा जारी।