जयपुर

Rajasthan Weather Alert: सूरज हुआ मद्दम… सर्द हुआ मौसम… जानें IMD ने कौनसे जिलों में बारिश का जारी किया अलर्ट

जयपुर जिले में सुबह छाए घने कोहरे से मौसम सर्द रहा तो कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी ने फिर से मौसम का मिजाज सर्द कर दिया
2 min read
Jan 06, 2025
Rajasthan Severe Cold How to Protect Yourself From Cold Wave Department issued Advisory

जयपुर। प्रदेश में फिर से मौसम के बदले मिजाज से सर्दी के तेवर तीखे हो चले हैं। पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है तो कोहरे के कारण आम जनजीवन भी मानों ठहर सा गया है। बीती रात राजधानी जयपुर समेत कई इलाकों में पारे में बढ़ोतरी दर्ज हुई। कुछ जिलों में रात का तापमान दहाई अंक के पार चला गया। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर सर्दी का जोर बढ़ने की चेतावनी दी है।

सर्दी से अभी नहीं राहत

मौसम विभाग के मुताबिक अभी अगले एक दो दिन तक पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फ गिरने की संभावना है। 10-12 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी राज्यों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। जिसके चलते प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में प्रदेश में माह के पहले पखवाड़े में कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है।

कोहरा ,बारिश से सुबह का आगाज
जयपुर समेत कई जिलों में अलसुबह घना कोहरा छाया रहा और धूप की तपिश भी कोहरे के चलते मद्दम रही। दौसा जिले लवाण क्षेत्र में घने कोहरे के साथ हल्की बूंदाबांदी होने और तेज सर्द हवा चलने से सर्दी का जोर बढ़ गया। मौसम विभाग ने आज अलवर और भरतपुर जिले में कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। जयपुर शहर में भी सप्ताहभर बाद फिर से कोहरे ने दस्तक दी। हालांकि रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई लेकिन कोहरे के कारण सुबह मौसम का मिजाज सर्द रहा।

जैसलमेर- अलवर सबसे सर्द
बीती रात प्रदेश के 11 जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ तो कुछ जिलों में पारा दहाई अंक से भी आगे निकल गया। लेकिन सुबह शाम में कोहरा छाने और तेज गति से बर्फीली हवाएं चलने पर सर्दी का अहसास हुआ। बीती रात मैदानी इलाकों में जैसलमेर 6.1 और अलवर 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द जिले रहे।

कहां कितना रात का तापमान
बीती रात अजमेर 10.7, भीलवाड़ा 12.7, वनस्थली 8.9, जयपुर 9.6, पिलानी 10.2, सीकर 10.0, कोटा 12.4, चित्तौड़गढ़ 10.5, डबोक 12.4, धौलपुर 9.5, सिरोही 8.7, फतेहपुंर 10.5, करौली 9.9, दौसा 10.4, प्रतापगढ़ 12.5, माउंटआबू 3.8, बाड़मेर 10.2, जोधपुर 11.4, फलोदी 9.2, बीकानेर 9.4, चूरू 10.2, श्रीगंगानगर 10.2, नागौर 8.9, संगरिया 10.9, जालोर 9.7 और लूणकरणसर में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Updated on:
06 Jan 2025 10:34 am
Published on:
06 Jan 2025 10:33 am