
IMD Rain Alert: सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में रविवार को न्यूनतम तामपान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से न्यूनतम तापमान फिर माइनस 1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले भी आबू में पारा माइनस में जा चुका है। वाहनों की छतों, खेतों में खड़ी फसलों, मैदानों, जलाशयों के किनारों, सोलर प्लेटों आदि पर रात को पड़ी ओस से बर्फ की परत जम गई। प्रदेश में 15 जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग जयपुर के अनुसार, वर्तमान परिस्थिति के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क बना रहेगा।
23-24 दिसंबर को सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
23-24 दिसंबर के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के भी आसार रहेंगे।
यह भी पढ़ें : शादी का झांसा देकर तीन वर्ष तक देह शोषण, बच्चा पैदा होने पर छोड़ भागा आरोपी
चक्रवाती हवा के असर से प्रदेश में बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और आस-पास के क्षेत्र पर प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब उत्तरी हरियाणा पर स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और आस-पास के क्षेत्र पर है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को 22 दिसंबर से प्रभावित करने की संभावना है। ऐसा होने पर हिमालय में सर्दी बढ़ेगी और उसका प्रभाव प्रदेश पर भी पड़ सकता है।