Jaipur weather today: जयपुर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है।
Rajasthan weather: राजधानी जयपुर में मानसून के नए सिस्टम का असर देखने को मिलने लगा है। आज शाम को दफ्तर से लौटते वक्त लोग बारिश में फंसे हुए हैं। जाम के हालात ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी।
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने जयपुर समेत पूर्वी जिलों में आगामी पांच दिनों के लिए मानसून का हाई अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अभी इस भारी बारिश से राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। दरअसल, सोमवार को बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तंत्र आज उड़ीसा से होते हुए छत्तीसगढ़ के उत्तरी भागों में पहुंच चुका है। अगले 12 घंटे में ये डिप्रेशन से एक स्टेप कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया बनाएगा। ऐसे में पूर्वी राजस्थान के कई जिलों जैसे, जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर में भारी बारिश होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 सितंबर से इसका प्रभाव पूर्वी राजस्थान में और बढ़ जाएगा यानी बारिश की गतिविधियों में और भी बढ़ोतरी होगी। 13 सितंबर से अधिकांश भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर अतिभारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है। आइएमडी के मुताबिक, राजस्थान में 13 और 14 सितंबर को इस नए सिस्टम का असर होगा। खासकर उत्तर-पूर्वी राजस्थान में ज्यादा असर देखने को मिलेगा। ऐसे में भरतपुर संभाग और आसपास के जिलों में इसका असर होगा। 15, 16 और 17 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में काले बादल छाए रहेंगे। यहां बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं मौसम विभाग जयपुर की तरफ से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, पाली, जालोर इलाकों में अगले 3 से 4 दिन मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है।