
Weather News : जयपुर। राजस्थान में मौसम जनवरी माह में लगातार नए रेकॉर्ड बना रहा है। फतेहपुर में 15 साल बाद जनवरी माह में लगातार चार दिन तक न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में चल रही शीतलहर और पाला गिरने में कमी आएगी।
विक्षोभ के असर से अब मावठ होने के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन शेखावाटी शीतलहर की जद में ही रहा। वहीं अलवर में भी तापमान माइनस में पहुंच गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान फतेहपुर में (- 4.5), चूरू में (- 2.7), अलवर (-0.5), माउंट आबू में (-2), करौली में (-0.7) डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जयपुर में तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई। यहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ बदलेंगे मौसम
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 19 जनवरी से शीतलहर व पाला से राहत मिलने की प्रबल संभावना है। पहला पश्चिमी विक्षोभ 19-20 जनवरी को प्रभावी होगा। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में आसमान में बादल छाए रहने व 19 जनवरी को एक दो स्थानों पर हल्की बारिश/ बूंदाबांदी होने की संभावना है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 22 से 26 जनवरी के दौरान सक्रिय होने से राज्य में बारिश/मावठ के आसार है।
15 साल का टूटा रेकार्ड
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र के रेकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2007,2008 में जनवरी माह के दूसरे पखवाड़े में लगातार चार दिन तक तापमान जमाव बिन्दू से नीचे रहा। इस दौरान सबसे कम तापमान 3.5 डिग्री रहा। इसके बाद के बरसों में न्यूनतम तापमान दो दिन से ज्यादा जमाव बिन्दू से नीचे नहीं रहा। अधिकांश समय में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दू से ऊपर ही रहा है।