
जयपुर। राजस्थान में हांडकंपा देने वाली सर्दी ने लोगों की धूजणी छुड़ा दी। सोमवार को कई स्थानों पर पारा माइनस में दर्ज किया गया। वहीं दो जिलों में पारा शून्य पर पहुंच गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान माउंट आबू में माइनस 6 डिग्री दर्ज किया गया। 9-10 किमी की रफ्तार से चली सर्द हवा के कारण खेतों व खुले मैदानों में पाला भी पड़ा। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश सहित शेखावाटी में अगले दो दिन सीवियर कोल्ड वेव चलेगी और कड़ाके की सर्दी की जद में रहेगा।
सर्दी ने तोड़ा 12 साल का रेकॉर्ड
लेकसिटी उदयपुर में सर्दी ने पिछले 12 साल का रेकॉर्ड तोड़ दिया। यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया। यह गत 12 वर्ष में सबसे कम रहा। सर्द रात ने लेकसिटी में जनजीवन को ठिठुरा कर रख दिया। वहीं भीलवाड़ा में छह साल बाद पारा शून्य पर पहुंच गया। इससे पहले 12 जनवरी 2017 को पारा 0 डिग्री दर्ज किया गया था।
माउंट आबू में माइनस 6 डिग्री
माउंट आबू की वादियों में सर्दी का कहर जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से छह डिग्री नीचे -6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सवेरे खुले मैदानों में बर्फ की सफेद चादर बिछी देखी गई। सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों, खेतों, पेड़-पौधों आदि पर भी बर्फ की परत जम गई। कई जगह सोलर प्लेंटें भी टूट गई।
यह भी पढ़ें : पेड़-पौधों सहित जर्रा जर्रा जम गया, देखें तस्वीरें
19 से साफ होगा मौसम
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश के मौसम में आए बदलाव के असर से अगले दो दिन तक शीतलहर की प्रबल संभावना है। तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं आएगा। शीतलहर चलने से तेज सर्दी रहेगी। 19 जनवरी से प्रदेश में मौसम साफ होगा। साथ ही शीतलहर थमने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
यहां पर पारा माइनस में
माउंट आबू - माइसन 6 डिग्री
जोबनेर -- माइसन 4.2 डिग्री
फतेहपुर--माइनस 3.2 डिग्री
चूरू-------माइनस 2.5
सीकर---- माइसन 2.0 डिग्री
करौली----माइनस 1.4 डिग्री
अलवर----- 0.0 डिग्री
भीलवाड़ा----0.0 डिग्री