जयपुर

Good News : जयपुर में रामभद्राचार्य तो भीलवाड़ा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री, होने जा रहा विशाल कथाओं का आयोजन

भीलवाड़ा और जयपुर में बड़ी कथाओं का आयोजन होने जा रहा है। भीलवाड़ा में बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन करेंगे। वहीं जयपुर में तुलसी पीठाधीश्वर श्री रामभद्राचार्य महाराज कथा वाचन करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2024, 9:22 AM IST
Feature image

जयपुर। भीलवाड़ा और जयपुर में बड़ी कथाओं का आयोजन होने जा रहा है। भीलवाड़ा में बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन करेंगे। वहीं जयपुर में तुलसी पीठाधीश्वर श्री रामभद्राचार्य महाराज कथा वाचन करेंगे।

भीलवाड़ा में कुमुद विहार में आज से पांच दिवसीय हनुमंत कथा का आगाज होगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक हनुमंत कथा का वाचन बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे। 8 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। हनुमंत कथा को सुनने देश व प्रदेश से काफी संख्या में भक्त पहुंचेंगे। कथा समिति की ओर से एक लाख से ज्यादा भक्त जनों के बैठने के लिए पंडाल पेयजल व पार्किंग की व्यवस्था की है। कथा को लेकर मंगलवार को शहर में विशाल कलश यात्रा भी निकाली गई थी, जिसमें संत महात्मा भी मौजूद रहे। हनुमंत कथा में आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री व प्रदेश की कई मंत्री भी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन ने समस्त तैयारियां पूरी कर ली है।

वहीं जयपुर में विद्याधर नगर स्टेडियम में 7 से 15 नवंबर तक श्री राम कथा का आयोजन होगा। कथा के लिए आज विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा अंबाबाड़ी स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल से दोपहर 2 बजे शाही लवाजमें के साथ रवाना होगी। इस अवसर पर तुलसी पीठाधीश्वर श्री रामभद्राचार्य महाराज स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर चलेंगे। कलश यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। तुलसी पीठाधीश्वर श्री रामभद्राचार्य महाराज के लिए चार घोड़ों से खींचने वाला अलग से स्वर्ण रथ तैयार करवाया गया है। जिस पर विराजमान होकर जयपुर की जनता को आशीर्वाद देते हुए चलेंगे। इस अवसर पर देशभर के नामी संत महात्मा बग्गियों में बैठकर कलश यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।

यात्रा का उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और जयपुर ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर के मार्गदर्शन में विभिन्न संगठनों की ओर से 21 जगह कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के कथा स्थल पहुंचने पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। कथा में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इसे देखते हुए कथा स्थल पर विशाल वॉटरप्रूफ डोम बनाया गया है। डोम का एरिया 1 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट है।

Updated on:
6 Nov 2024, 9:22 AM IST
Published on: