जयपुर

Jaipur Rain Alert: दशहरे पर भी होगी बूंदाबांदी, बारिश के कारण कई जगहों पर रावण दहन कार्यक्रम रद्द, रामलीला मैदान में 8:30 बजे का समय

Vijaydashmi Weather: मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताया है। यानी आज दशहरे के दिन भी बारिश के आसार है। इसके कारण कई जगहों पर तो रावण दहन कार्यक्रम ही रद्द कर दिया है।
2 min read
Oct 02, 2025
Feature image
फोटो: पत्रिका

विजयादशमी पर गुरुवार को राजधानी में 150 से अधिक स्थानों पर रावण दहन के बड़े कार्यक्रम होंगे। विभिन्न मोहल्लों और विकास समितियों की ओर से भी रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। हालांकि शहर में बीते दिन हुई बारिश के कारण कई जगह दहन के कार्यक्रम रद्द हो गए। उधर मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताया है। यानी आज दशहरे के दिन भी बारिश के आसार है। इसके कारण कई जगहों पर तो रावण दहन कार्यक्रम ही रद्द कर दिया है।

मानसरोवर मेट्रोस्टेशन, गुर्जर की थड़ी पर बुधवार को कारीगर सुबह से पुतलों को सुखाते नजर आए। दिन में बीच-बीच में हुई बूंदाबांदी से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। पूर्व में कराई गई बुकिंग वाली जगह पर छोटे आकार के पुतले भेजे गए। शहरवासी भी पुतले खरीदने के लिए रावण मंडी पहुंचे।

रामलीला मैदान में रात 8:30 बजे होगा दहन

मुख्य रूप से मानसरोवर, प्रताप नगर, आदर्श नगर, विद्याधर नगर, प्रताप नगर, वैशाली नगर, न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में रावण के 50 से 100 फीट ऊंचे पुतलों का दहन होगा। इससे पूर्व आतिशबाजी भी होगी। आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान के आसमां में स्टार वार (धूमकेतु) का नजारा दिखाई देगा। चमकीली अशर्फियां बरसेंगी, जमीन से सुनहरी अनार छूटेंगे। मानसरोवर में 20 मिनट तक सतरंगी आतिशबाजी होगी। न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में रात 8:30 बजे रावण दहन होगा।

सिविल लाइन क्षेत्र में श्याम नगर विकास समिति की ओर से स्थानीय सामुदायिक केंद्र में दोपहर तीन बजे से दशहरा मेला उत्सव की शुुरुआत होगी। अध्यक्ष प्रदीप गुगलिया ने बताया कि 60 फीट के रावण का दहन होगा।

नाभि में बाण लगते ही उगलेगा आग

राम मंदिर प्रन्यास, सनातन धर्म सभा की ओर से आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में शाम 7.30 बजे रावण दहन होगा। भगवान राम के स्वरूप रावण की नाभि में अग्नि-बाण छोड़ेंगे। इसके बाद रावण की आंखों से शोले और मुंह से आग के गोले निकलेंगे। हजारों श्रद्धालु इस कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। महामंत्री अनिल खुराना व अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया कि दोपहर तीन बजे आदर्श नगर स्थित राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान होंगे। दहन के बाद राम मंदिर में भगवान राम का राजतिलक होगा।

501 दीपकों से आरती

गोविंद नगर महोत्सव समिति, आमेर रोड की ओर से गोविंद नगर पूर्व, दशहरा कोठी पर 501 दीपकों से भगवान की आरती होगी। आतिशबाजी के बीच 31 फीट के दशानन का पुतला दहन होगा।

होंगे रंगारंग कार्यक्रम

मालवीय नगर, सेक्टर नौ स्थित दशहरा मैदान में 75 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। दशहरा मेला के अध्यक्ष धर्माराम चौधरी और अध्यक्ष हितेश आडवाणी ने बताया कि दहन के दौरान आतिशबाजी भी होगी। विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होगी। विद्याधर नगर स्टेडियम में रात 8.15 बजे 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।

दिनभर शुभ योग

विजयादशमी पर गुरुवार को रवि और सुकर्मा योग रहेंगे। ये योग स्वयंसिद्ध अबूझ मुहूर्त के लिए खास माने जाते हैं। इन योग में वाहन, प्रॉपर्टी आदि की खरीदारी चिरस्थाई रहेगी।

पं. पुरुषोत्तम गौड़, ज्योतिषाचार्य

Updated on:
02 Oct 2025 12:58 pm
Published on:
02 Oct 2025 12:58 pm