
जयपुर। गहरे लाल रंग के फल और सब्जियों में आयरन, फाइबर और फाइटो न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। कुछ एंजाइम्स भी पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हंै। ये अन्य फल-सब्जियों में नहीं पाए जाते हैं। लाल रंग के फल व सब्जी फैट, कार्बोहाइड्रेट को ऊर्जा में बदलने में मदद करते हैं। इसमें कैलोरी, सोडियम भी कम होता है।
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
इनमें कैरोटिनॉएड नामक लाइकोपिन की मात्रा बहुत ज्यादा होती है जोकि इन्हें लाल रंग देता है। लाइकोपिन फेफड़ों के कैंसर, ब्रेस्ट, त्वचा, कोलोन कैंसर से लडऩे में मदद करता है। इसके अलावा कई एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं। एंथोसियानिन, लाइकोपिन, फ्लेवेनॉएड और रेसवेराट्रोल दिल की सेहत सुधारने और कैंसर जैसे रोगों में लडऩे में मदद करते हैं। ये आंखों की रोशनी भी बढ़ाते हैं।
ऊर्जा रहती सामान्य
लाल रंग की सब्जियों और फलों से शरीर की ऊर्जा का स्तर सामान्य बना रहता है। ये थकान और आलस्य दूर करने में मददगार है। लाल रंग की सब्जियों में प्रोटीन और खनिज की मात्रा अधिक होती है। लाल रंग की कमी से शरीर में खून की कमी, सहनशक्ति में कमी सिरदर्द आदि के रूप में सामने आती है। इससे शारीरिक और भावनात्मक समस्याओं से भी लडऩे में मदद मिलती है।
ये फल-सब्जियां लें
डायटीशियन अनामिका सेठी बताती हैं कि अनार, तरबूज, सेब, चैरी, रसभरी, स्ट्रॉबेरी, लाल अंगूर, टमाटर, अमरूद, लाल शिमला मिर्च, राजमा, लाल मिर्च, चुकंदर, लाल गाजर, लाल प्याज आदि। 95 प्रतिशत युवा अपने आहार में पर्याप्त मात्रा में लाल रंग की सब्जियां नहीं लेते हैं।
टमाटर में विटामिन सी पाया जाता है।विटामिन सी युक्त आहार लेने से उम्र बढने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है और आप लंबे समय तक स्वस्थ और जवां रहते हैं। विटामिन सी कैंसर, हृदय रोग, गठिया जैसी गंभीर समस्याओं के खतरे को कम करता है। लाल शिमला मिर्च, स्ट्रॉबेरी, रेस्पबेरी, टमाटर आदि में विटामिन सी की अच्छी मात्रा होती है। लाइकोपीन केराटेनोइड एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट हैं जो आपके शरीर को फ्री रेडिकल्स के प्रभाव से बचाता है। लाल अमरुद, तरबूज, सेब, टमाटर आदि में लाइकोपीन होता है।