जयपुर

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अब लगेगी सचिन पायलट की तस्वीर, पूर्व अध्यक्ष के तौर पर लगेगी तस्वीर

अध्यक्ष पद से बर्खास्त व बगावत के चलते नहीं लग पाई थी तस्वीर, नए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने दिए निर्देश

less than 1 minute read
Aug 17, 2020
sachin pilot

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अब पूर्व अध्यक्ष सचिन पायलट की तस्वीर भी नजर आएगी। इसे लेकर नए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने निर्देश भी जारी कर दिए हैं। पायलट की तस्वीर अब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों की तस्वीरों के साथ लगाई जाएगी।

दरअसल प्रदेश कांग्रेस के नियमों के मुताबिक अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद पूर्व अध्यक्ष की तस्वीर पीसीसी में लगाई जाती है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अभी तक प्रदेश कांग्रेस के पहले अध्यक्ष रहे गोकुल भाई भट्ट से लेकर डॉ. चंद्रभान तक की तस्वीर लगी हुई है।

हालांकि निवर्तमान अध्यक्ष सचिन पायलट की तस्वीर पार्टी से बगावत करने के चलते नहीं लग पाई थी, लेकिन अब उनकी वापस कांग्रेस पार्टी में एंट्री होने के साथ ही उनकी तस्वीर भी अब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में नजर आएगी।


गौरतलब है कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहते सचिन पायलट ने बगावती रुख अपना लिया था, जिस पर आलाकमान ने सचिन पायलट को अध्यक्ष पद से बर्खास्त करते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया था।


पीसीसी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार डोटासरा आज सीकर दौर पर
प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद गोविंद सिंह डोटासरा आज पहली बार अपने गृह जिले सीकर के दौरे पर हैं। डोटासरा के सीकर दौरे के दौरान रास्ते में कई जगह कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।

डोटासरा आज सुबह पौने बारह बजे अपने सरकारी आवास से रवाना होकर विद्याधर नगर, गोविंदगढ़,चौमू, सरगोठ,रींगस,पलसाना होते हुए 3.30 बजे सीकर पहुंचेंगे। विद्याधर नगर, हरमाड़ा, चौमूं, रींगस, पलसाना और सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओ की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।

Published on:
17 Aug 2020 10:45 am
Also Read
View All