जयपुर

देश भर में बवाल के बाद फिल्म पद्मावत आज यहां हो रही रिलीज़, सिनेमा थियेटर्स में किए गए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त

Padmavat Controversy: 25 जनवरी को आहूत कर्नाटक बंद के कारण इसे एक दिन पहले ही रिलीज किया जाएगा।
3 min read
• •
Updated: 24 Jan 2018, 8:11 AM IST
padmavat release

जयपुर/ बेंगलूरु।

विवादों में घिरी हिंदी फिल्म पद्मावत शहर में आधिकारिक रिलीज से एक दिन पहले ही बुधवार को रिलीज होगी। संजय लीला भंसाली की यह फिल्म गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर पर रिलीज होनी है लेकिन विभिन्न कन्नड़ संगठनों की ओर से महादयी जल बंटवारा विवाद को लेकर 25 जनवरी को आहूत कर्नाटक बंद के कारण इसे एक दिन पहले ही रिलीज किया जाएगा। दीपिका पादुकोण , रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म के लिए छविगृहों के खिड़की के अलावा ऑनलाइन और एप्प पर टिकटों की बुकिंग भी शुरु हो चुकी है।

शहर के छविगृहों व मल्टीपेलक्सों में बुधवार को इस फिल्म के 50 से अधिक शो प्रदर्शित होंगे। शहर के छविगृहों में इस फिल्म को शाम 6 बजे के बाद रिलीज किया जाएगा। पुलिस ने छविगृहों को फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

दूसरी फिल्मों की अग्रिम रिलीज नहीं
मिली जानकारी के मुताबिक बेंगलूरु शहरी और ग्रामीण जिले में 54 स्क्रीनों पर बुधवार 6 बजे के बाद फिल्म का प्रदर्शन होगा। जिन छविगृहों में बुधवार को फिल्म का प्रदर्शन होगा उनमें से 4 एकल पर्दे के परंपरागत सिनेमाघर हैं, इस फिल्म के दो-दो शो होंगे। बाकी 8 मल्टीपलेक्स हैं जिनमें 4 से 10 शो तक होंगे।

एक मल्टीप्लेक्स में ही शाम 6 से 10 बजे के बीच अलग-अलग किस्म के पर्दों पर इस फिल्म के 10 शो प्रदर्शित किए जाने की तैयारी है। अन्य मल्टीप्लेक्सों में भी इस फिल्म के कई शो प्रदर्शित होंगे। एक मल्टीप्लेक्स समूह के वरिष्ठ अधिकारी ने बंद के आह्वान के कारण एक दिन पहले ही फिल्म प्रदर्शित किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि सिर्फ इसी फिल्म को तय से एक दिन पहले रिलीज किया है। इस फिल्म के शो शाम में होंगे।

पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा
नगर पुलिस आयुक्त ने टी सुनील कुमार ने कहा कि फिल्म का प्रदर्शन करने वाले छविगृहों और मल्टीप्लेक्सों ने अगर सुरक्षा की मांग की तो उन्हें पुलिस सुरक्षा उपलबध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बेंगलूरु में इस फिल्म के प्रदर्शन के खिलाफ अभी तक किसी तरह के प्रदर्शन या विरोध का आह्वान नहीं किया गया है। फिर भी हम हालात पर नजर रखेंगे। सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र में जरुरत पडऩे पर छविगृहों और मल्टीप्लेक्सों को सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।

राज्य सरकार खारिज कर चुकी है प्रतिबंध की मांग
गौरतलब है कि दिसम्बर में इस फिल्म के खिलाफ बेंगलूरु और मैसूरु में भी करणी सेना और राजपूत समाज के संगठनों ने प्रदर्शन किया था और राज्य में फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। यह मसला बेलगावी में हुए विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन के दौरान भी उठा था। विधान परिषद में भाजपा के लहर सिंह सिरोया ने राज्य में फिल्म पर रोक लगाने की मांग की थी लेकिन राज्य सरकार की ओर से जबाव देते हुए गृह मंत्री आर रामलिंगा रेड्डी ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा था कि किसी फिल्म पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार राज्य सरकार को नहीं है, यह काम फिल्म प्रमाणन बोर्ड का है। रेड्डी ने राज्य में फिल्म के प्रदर्शन के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की बात भी कही थी।

दीपिका के घर पर बढ़ाई थी सुरक्षा
पिछले साल फिल्म की मुख्य नायिक दीपिका पादुकोण को विभिन्न संगठनों की ओर से मिली धमकी के बाद शहर के मल्लेश्वरम स्थित उनके घर पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। हालांकि, दीपिका उसके के बाद से शहर नहीं आई हैं। शहर की रहने वाली दीपिका अब अधिकांश समय मुंबई में ही रहती हैं।

Updated on:
24 Jan 2018, 8:11 AM IST
Published on: