जयपुर

‘BJP को कम आंकने की गलती न करें…’, पंजाब प्रभारी नियुक्त होने के बाद सतीश पूनिया का पहला बयान

भाजपा के नए पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा को कमतर आंकना भूल होगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर नशे की बढ़ती समस्या और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा और दावा किया कि जनता में सरकार के खिलाफ असंतोष है।
2 min read
Aug 18, 2026
Satish Poonia
Satish Poonia (Photo-IANS)

Satish Poonia News : जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंजाब का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी नेतृत्व का उन पर जताया गया भरोसा है कि उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूनिया को लगातार 24 घंटे के भीतर भाजपा संगठन में दो बड़ी जिम्मेदारियां मिली हैं। सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था। इसके अगले ही दिन मंगलवार, 18 अगस्त को केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें पंजाब का प्रदेश प्रभारी नियुक्त कर दिया।

पंजाब में BJP को कम आंकना भूल

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सतीश पूनिया ने पंजाब के राजनीतिक समीकरणों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को किसी भी सूरत में कमतर नहीं आंका जा सकता। उनके मुताबिक, आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जनता में असंतोष है और भाजपा के पक्ष में मजबूत अंडरकरंट दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करेगी। पूनिया ने भरोसा जताया कि भाजपा राज्य में बेहतर प्रदर्शन करने की स्थिति में है।

नशे और कानून-व्यवस्था पर AAP सरकार को घेरा

सतीश पूनिया ने पंजाब सरकार पर नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी है और सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी का माहौल बन रहा है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब में पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और पार्टी अपने दम पर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी।

हरियाणा मॉडल और अमित शाह के मार्गदर्शन का जिक्र

सतीश पूनिया ने कहा कि हमारी पार्टी में संगठनात्मक और राजनीतिक, दोनों तरह का प्रशिक्षण मिलता है। मैंने हरियाणा में बहुत कुछ सीखा और उसे धरातल पर लागू किया। हरियाणा की सफलता किसी एक व्यक्ति का काम नहीं था, बल्कि वहां एक बेहतरीन टीम थी और केंद्र का पूरा सहयोग था। विशेषकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हमें लगातार मार्गदर्शन मिला कि जमीन पर किस तरह काम करना है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब प्रभारी जैसी बड़ी जिम्मेदारियां मिलना गर्व की बात है।

'आप' सरकार और कांग्रेस पर निशाना

पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों पर बात करते हुए पूनिया ने कहा कि वहां दो प्रमुख चुनौतियां हैं। पहली, सत्ता में बैठी 'आप' सरकार से मुकाबला करना और दूसरी, दशकों पुरानी कांग्रेस की व्यवस्था से लड़ना।

24 घंटे में मिलीं दो बड़ी जिम्मेदारियां

सतीश पूनिया को लगातार दो दिनों में संगठन की दो अहम जिम्मेदारियां मिलने को भाजपा की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय महामंत्री के बाद पंजाब जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य का प्रभारी बनाए जाने से संगठन में उनकी भूमिका और बढ़ गई है।

पूनिया के पास अब राष्ट्रीय स्तर की संगठनात्मक जिम्मेदारी के साथ पंजाब में भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने की भी जिम्मेदारी होगी। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की राजनीति में उनकी भूमिका पर सभी की नजरें रहेंगी।

Updated on:
18 Aug 2026 01:26 pm
Published on:
18 Aug 2026 01:25 pm