
जयपुर। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने वाहन चोरी के संबंध में आमजन से ई-एफआईआर (ऑनलाइन-एफआईआर) तकनीक का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे परिवादी का समय और ऊर्जा दोनों बचेगी।
जोसफ ने मंगलवार को ऑनलाइन एफआईर से जुड़े प्रकरणों के संबंध में यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में ई-एफआईआर या ऑनलाइन एफआईआर समय की मांग है। पुलिस द्वारा आमजन की मदद के लिए यह डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए आमजन थानों में ना जाकर घर बैठे ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करवा सकते हैं।
इस तरह होगी ऑनलाइन एफआईआर दर्ज
जोसफ ने बताया कि ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करने के लिए सबसे पहले गूगल सर्च इंजिन पर ऑनलाइन एफआईआर राजस्थान डालें। इस पर आपको राजस्थान पुलिस के पोर्टल का लिंक https://www.police.rajasthan.gov.in शो होगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक नया पेज खुलेगा। यहां आपको सिटीजन पोर्टल दिखाई देगा। यहां आपको अपनी एसएसओ आईडी के जरिए घटनास्थल, वाहन संबंधी विवरण डालना होगा। सभी जरूरी जानकारी फिल करने के बाद सबमिट करने पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज हो जाएगी।
ईृ-एफआईआर के संबंध में जागरूकता लाने की उम्मीद
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन जानकारी के अभाव में अक्सर पुलिस थानों के चक्कर लगाते रहते है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से न केवल आमजन को सुविधा मिलेगी। बल्कि दर्ज होने वाली शिकायतों में भी पारदर्शिता आएगी। उन्होंने जयपुर के सभी अधिकारियों को ऑनलाइन एफआईआर के संबंध में जागरूकता लाने के भी निर्देश दिए।