जयपुर

जर्जर भवन तोड़ा, अब निजी मकान में चल रहा सरकारी स्कूल

Aug 13, 2026
Rajasthan

मनोहरपुरा बैरवा टापरा में 45 बच्चों की पढ़ाई
स्कूल जाने के रास्ते में बंधे रहते हैं मवेशी

सोप. अलीगढ़ पंचायत समिति मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर मनोहरपुरा बैरवा टापरा गांव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय का संचालन निजी मकान में किया जा रहा है। विद्यालय का पुराना भवन जर्जर होने के कारण सितंबर 2025 में ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद गांव में ही निजी मकान किराए पर लेकर स्कूल की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यालय में कक्षा पांचवीं तक पढ़ाई होती है और वर्तमान में 45 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

ग्रामीणों के अनुसार निजी मकान का एक हजार रुपए प्रतिमाह किराया दिया जा रहा है। इसके अलावा बिजली का बिल भी जमा कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय के पास अपना भवन नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई अस्थायी व्यवस्था में चल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए जल्द नया सरकारी भवन बनवाने की मांग की है।

जर्जर होने पर ध्वस्त किया था पुराना भवन

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय का पुराना भवन कई वर्षों से जर्जर हालत में था। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए सितंबर 2025 में भवन को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए निजी मकान में विद्यालय संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थायी भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।

रास्ते में मवेशी बंधे रहने से सुरक्षा की चिंता

ग्रामीणों ने विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते को लेकर भी परेशानी जताई है। उनका कहना है कि रास्ते में भैंस सहित अन्य मवेशी बंधे रहते हैं, जिससे छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए रास्ते की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

मनोहरपुरा बैरवा टापरा निवासी ओमप्रकाश बैरवा ने बताया कि स्कूल जाने वाले रास्ते में मवेशी बंधे रहने से बच्चों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने विद्यालय के लिए नया भवन जल्द बनवाने की मांग की। वहीं ग्रामीण रामस्वरूप बैरवा ने बताया कि उनके पोता-पोती भी इसी विद्यालय में पढ़ते हैं। रास्ते में मवेशी बंधे रहने से छोटे बच्चों को अकेले स्कूल भेजने में डर लगता है।

ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग एवं प्रशासन से विद्यालय के लिए स्थायी सरकारी भवन का निर्माण जल्द करवाने की मांग की है।

फोटो कैप्शन-1: सोप. मनोहरपुरा बैरवा टापरा में निजी मकान में संचालित राजकीय प्राथमिक विद्यालय।
फोटो कैप्शन-2: स्कूल जाते विद्यार्थी। रास्ते में मवेशी बंधे होने से ग्रामीणों ने जताई चिंता।

Updated on:
13 Aug 2026 06:02 am
Published on:
13 Aug 2026 06:02 am