जयपुर

Severe Cold Attack in Rajasthan: पारा उछला… कोल्ड अटैक से नहीं राहत

दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी, दिन में मौसम में गर्माहट हो रही महसूस, रात में फिर से मौसम सर्द, बीती रात से पारे में आंशिक बढ़ोतरी, छह जिलों में आज से तीन दिन शीतलहर का अलर्ट

2 min read
Jan 12, 2024
Rajasthan Weather alret : छह जिलों में आज से तीन दिन शीतलहर का अलर्ट

जयपुर। प्रदेश में कोहरे का असर कम होने के बाद अब शीतलहर और पाला जमने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। दिन में आसमान साफ रहने पर धूप की तीखी चुभन महसूस हो रही है लेकिन सूर्यास्त होते ही गलन और ठिठुरन से आमजन पस्त है। बीते चौबीस घंटे में जयपुर समेत कई जिलों में रात के तापमान में उतार चढ़ाव रहा। लेकिन फिर भी गलनभरी हाड़कंपाने वाली सर्दी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम केंद्र ने प्रदेश के छह जिलों में पाला जमने और शीतलहर का दौर जारी रहने का अलर्ट दिया है।

पारे में उतार चढ़ाव, सर्दी से नहीं राहत
बीती रात जयपुर समेत कई जिलों में फिर से पारा सामान्य से कम रहा। हालांकि सीकर समेत कई जिलों में जमाव बिंदू से नीचे लु़ढ़के पारे में आंशिक सुधार हुआ और सीकर में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। जबकि जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर बीती रात का तापमान 1.0 डिग्री रहा है। जयपुर जिले के जोबनेर कस्बे में लगातार दूसरे दिन भी न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। जयपुर शहर में बीती रात पारा दो डिग्री बढ़कर 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

9 जिलों में बीती रात पारा 5 डिग्री से कम
प्रदेश के 9 जिलों में बीती रात भी पारा 5 डिग्री से कम दर्ज किया गया। भीलवाड़ा 5.4, वनस्थली 5.5, पिलानी 2.2, धौलपुर 3.0, अंता बारां 5.1, करौली 2.9, एरनपुरा रोड 5.2, चूरू 2.2, श्रीगंगानगर 4.1, संगरिया 3.0 और चित्तौड़ में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पारा सामान्य से ज्यादा लेकिन मौसम सर्द
कोटा, जोधपुर, फलोदी, डूंगरपुर समेत कई जिलों में बीती रात पारा सामान्य से अधिक रहा लेकिन फिर भी सर्दी के तेवर तीखे रहे। डूंगरपुर में बीती रात 11.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहां जोधपुर शहर 9.5, फलोदी 8.4, बीकानेर 7.8, डबोक 7.4, कोटा 8.0 और अजमेर में बीती रात पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज से तीन दिन मौसम सर्द
मौसम विभाग ने आज से तीन दिन छह जिलों में शीतलहर चलने और पाला जमने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के उत्तर पश्चिमी इलाकों में सुबह घना कोहरा छाने का भी अनुमान है। झुंझुनूं, सीकर और चूरू में अति शीतलहर चलने और पाला जमने की चेतावनी है वहीं हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर,सीकर और चूरू जिले में कल शीतलहर जारी रहने की आशंका है।

Published on:
12 Jan 2024 10:30 am
Also Read
View All