बाजार मेें देवी की मोर पोशाक का ट्रेंड देखने को मिल रहा हैं।
जयपुर . नवरात्र को देखते तैयारियां शुरू हो चुकी है। नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक छाने लगी है। मानसरोवर में मां की चुनरी और पूजा अर्चना के सामानों की दुकान सज चुकी है। व्रत के लिए बाजारों में कुट्टू का आटा, मूंगफली, साबूदाना और आलू के साथ ही फलाहारी के इंतजाम भी शुरू हो गए हैं। बाजार में मां दुर्गा की प्रतिमा लोगों को आकर्षित कर रही है।
माता का होगा आकर्षक शृंगार
मानसरोवर के मध्यम मार्ग सहित गलियों की दुकानों में माता की पोशाकें अलग-अलग डिजाइनों में उपलब्ध हैं। पूजन सामग्री पर महंगाई की जबरदस्त मार पड़ी है। बावजूद खरीदारों को लेकर व्यापारियों में उत्साह है। मंदिरों में माता को पहनाए जाने के लिए आकर्षक जरी की पोशाक और डायमंड की पोशाक उपलब्ध है। बाजार मेें देवी की मोर पोशाक का भी ट्रेंड देखने को मिल रहा हैं। इनमें मोर पंखी का इस्तेमाल किया गया है। इनकी कीमत 35 से 160 रुपए है। देवी के सोलह शृंगार बिछुवा से सिंदूर तक भी पहली बार उपलब्ध हैं। जिसकी कीमत 100 से 150 तक है। नारियल में बने देवी के चेहरे आए हैं। वहीं नारियल में बनी देवी 110 से 160 रुपए में उपलब्ध है। जहां बाजार में फैंसी जरी पोशाक 125 से 200 है वहीं जरी माला 5 से 50, जरी मैटल मुकुट 60 से 400, बनारसी मुकुट 30 से 45, जरीकन हार 15 से 650, चीन की पॉलिस मोती माला 30 से 60, कान के कुंडल 30 से 90, स्टोन वर्क पोशाक 40 से 1250, देवी के रंग्वाली पिछौड़ा 10 से 450, पानी के नारियल 25, सूखे नारियल 15 में उपलब्ध है।
यहां सजा बाजार
मानसरोवर के थड़ी मार्केट में थडिय़ों में माता की अलग-अलग तस्वीर उपलब्ध है वहीं राम दरबार भी नए-नए सजावट में है वहीं बड़ा बाजार किरण पथ, रजत पथ, लिंक रोड, स्वर्ण पथ पर भी नवरात्रि की सामग्री का बाजार सजने लगा है। मानसरोवर में सभी मंदिरों में देवी की मूतियां है इस कारण नवरात्र में यहा पर विशेष रौनक रहती है।