जयपुर

शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह लगी कतारे, गूंज उठे हर—हर महादेव के जयकारे

Shravan Month: सावन के तीसरे सोमवार को शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह से ही भक्तों की कतारे लगी। मंदिरों में तड़के से ही हर—हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
1 minute read
Jul 24, 2023
शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह लगी कतारे, गूंज उठे हर—हर महादेव के जयकारे
शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह लगी कतारे, गूंज उठे हर—हर महादेव के जयकारे

जयपुर। सावन के तीसरे सोमवार को शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह से ही भक्तों की कतारे लगी। मंदिरों में तड़के से ही हर—हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ओम नम: शिवाय के साथ श्रद्धालुओं ने दूध मिले जल से शिवजी का अभिषेक कर बिल्व पत्र अर्पित किए। शाम को मंदिरों में भोलेनाथ के विशेष झांकी के दर्शन होंगे।

झाड़खंड महादेव और ताड़केश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्त तड़के 4 बजे ही मंदिर पहुंच गए, जिससे मंदिर के बाहर तक लंबी कतारे लग गई। अपनी बारी आने पर भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक किया। इस दौरान भक्तों ने बिल्व पत्र, आक—धतुरा, फल सहित अन्य चीजें अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की।

झाड़खंड महादेव मंदिर
क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में महिलाओं और पुरुषों की अलग—अलग कतार लगी। यहां मंदिर ट्रस्ट की ओर से शिवजी के जलाभिषेक के लिए पानी और रामझारों की व्यवस्था की गई। कतार में खड़े—खड़े भक्त जयकारे लगाते रहे। यहां हर उम्र के लोग शिवजी के जलाभिषेक के लिए पहुंचे। मंदिर में व्यवस्था संभालने के लिए कदम—कदम पर स्वयंसेवकों के साथ पुलिस जवान तैनात नजर आए। भक्त शाम 4 बजे तक शिवजी के जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद फूलों की विशेष झांकी के दर्शन होंगे। रात 11.30 बजे तक भक्त झाडखंड महादेव के दर्शन कर सकेंगे।

ताड़क बाबा के जयकारे गूंज उठे
चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से दर्शन खुले, इसके साथ ही मंदिर में ताड़क बाबा के जयकारे गूंज उठे। ताड़केश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए शहरभर से लोग उमड़े, जिससे मंदिर के बाहर लंबी कतार लग गई। शहर के झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव मंदिर सहित कॉलोनियों के मंदिरों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ नजर आई।

Published on:
24 Jul 2023 02:39 pm