Sub Inspector Recruitment : उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के पेपरलीक के मामले के बीच इस परीक्षा में आमूलचूल परिवर्तन की तैयारी की जा रही है। अब थानेदार भर्ती के लिए अलग से परीक्षा नहीं कराई जाएगी। थानेदारों की भर्ती आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) भर्ती परीक्षा के माध्यम से की जाएगी।
ओमप्रकाश शर्मा
SI Paper Leak : उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के पेपरलीक के मामले के बीच इस परीक्षा में आमूलचूल परिवर्तन की तैयारी की जा रही है। अब थानेदार भर्ती के लिए अलग से परीक्षा नहीं कराई जाएगी। थानेदारों की भर्ती आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) भर्ती परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए नियमों संशोधन किया जाएगा। संशोधन के लिए पुलिस मुख्यालय सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। प्रस्ताव के लिए उम्र व अन्य योग्यताओं को लेकरनियमों पर मंथन किया जा रहा है।
उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी ) कराता है। आरपीएससी ने ही पुलिस मुुख्यालय को पत्र लिखा है, जिसमें कहा कि उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा अलग कराने में समय बहुत लगता है। प्रक्रिया लम्बे समय चलती है। इसलिए उपनिरीक्षक भर्ती आरएएस परीक्षा के साथ कराई जानी चाहिए। आरपीएससी के इस प्रस्ताव को पुलिस मुख्यालय ने संस्थापन बोर्ड की बैठक में रखा। इसमें सभी अधिकारियों ने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा आरएएस के माध्यम से ही कराने पर सहमति जताई है। इसके पीछे तर्क यह है कि समय बचने के साथ परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका भी कम रहेगी। बोर्ड में ही तय किया गया कि इसके लिए नियम संशोधन जरूरी हैं। इसके लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। अब अन्तिम निर्णय सरकार को लेना है।
आरएसी कांस्टेबल के लिए भी शैक्षणिक योग्यता 12वीं
राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12 वीं उत्तीर्ण की है। जबकि आरएसी कांस्टेबल के लिए यह दसवीं ही है। अब इसमें भी बदलाव कर 12 वीं ही किया जाएगा। संस्थापन बोर्ड की बैठक में यह प्रस्ताव भी पास किया गया है। कांस्टेबल का पद समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) से भरा जाता है। इस परीक्षा के लिए भी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता12वीं ही है। यही कारण है कि इस बार हो रही कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में आरएएस के लिए आवेदन नहीं मांगे गए।
आरपीएससी के पत्र पर संस्थापन बोर्ड में चर्चा हुई है। यह प्रक्रिया से जुड़ा मामला है। इसके सभी पहलुओं पर चर्चा की जा रही है।
यू.आर.साहू , पुलिस महानिदेशक