जयपुर

राजस्थान से जुड़ रहे पंजाब के सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के तार

Sidhu Moose Wala Murder: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले के तार चूरू जिले के सरदारशहर से जुड़े हुए हो सकते हैं। इस मामले में पंजाब से पुलिस की टीम सरदारशहर आई हुई है।
2 min read
• •
Updated: 3 Jun 2022, 9:58 AM IST
sidhu_moose_wala_murder.jpg

पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
Sidhu Moose Wala Murder: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले के तार चूरू जिले के सरदारशहर से जुड़े हुए हो सकते हैं। इस मामले में पंजाब से पुलिस की टीम सरदारशहर आई हुई है। जानकारी के अनुसार तहसील के गांव सवाई डेलाना में टीम ने एक घर में दस्तक भी दी। हालांकि पुलिस वहां से खाली हाथ लौट आई है। इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से कतरा रही है। अधिकारी प्रकरण में कुछ भी नहीं बता रहे हैं। मामले में पुलिस को अभी कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिली है।

उधर धौलपुर जिले की दिहौली थाना पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पटौदी, गुड़गांव निवासी दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों से एक-एक देसी कट्टा व चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनको शरण देने वाले स्थानीय बदमाश रामदत्त बिश्नोई को भी गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए दोनों बदमाशों खोड़ थाना पटौदी, गुड़गांव निवासी दिनेश उर्फ गंगाराम (20) व गोरियावास थाना पटौदी, गुड़गांव निवासी संदीप अहीर (20) पर हरियाणा में हत्या समेत अन्य मामले दर्ज हैं। इन पर हरियाणा पुलिस की ओर से 15-15 हजार का इनाम भी घोषित है। जबकि रामदत्त ठाकुर पर विभिन्न थानों में करीब 30 मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि दबिश के दौरान बदमाश रामदत्त ठाकुर को दबोचा तो वहां उसके साथ खड़े दोनों बदमाश भागने लगे। पुलिस ने इनको दबोच लिया।

जिस तरह से मूसेवाला के मर्डर को जाम दिया गया, उसे देखकर ही अंदाजा लग गया था कि ये काम प्रोफेशनल शार्प शूटर्स का है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मूसेवाला के मर्डर की जिम्मेदारी ली है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। हत्या की जांच कर रही एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के सदस्यों का कहना है कि मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की गई थी। पंद्रह दिन में मूसेवाला से मिलने कौन-कौन आया और कौन-कौन उनके संपर्क में था, इसकी जांच की जा रही है।

Published on: