जयपुर

राजस्थान में 3 माह पहले बदल गई सरकार, नए सीएम-स्पीकर को अब भी बंगले का इंतजार

Rajasthan News : प्रदेश में सरकार को बदले हुए तीन माह होने जा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित कई मंत्रियों को अभी सरकारी बंगलों में शिफ्टिंग का इंतजार है।
less than 1 minute read
Mar 01, 2024
bhajanlal_speaker.jpg

Jaipur News : प्रदेश में सरकार को बदले हुए तीन माह होने जा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित कई मंत्रियों को अभी सरकारी बंगलों में शिफ्टिंग का इंतजार है। सीएम भजनलाल जहां ओटीएस स्थित अस्थायी मुख्यमंत्री आवास में तो वहीं, देववानी अपने निजी आवास पर रह रहे हैं।



दरअसल पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अभी तक 8 सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास खाली नहीं किया है। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने 48 नंबर और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी 385 नंबर बंगले को खाली नहीं किया है। 48 नंबर बंगला विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को अलॉट किया गया है। वहीं, 385 नंबर बंगला मंत्री विजय सिंह चौधरी को आवंटित किया गया है।



पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सिविल लाइंस में बंगला नंबर 49 आवंटित किया हुआ है। यह बंगला पूर्व में विधानसभा अध्यक्ष रहे सीपी जोशी को आवंटित था। जोशी यह बंगला खाली कर चुके हैं, लेकिन गहलोत अभी इसमें नहीं आए हैं।



कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना को भी 14 नंबर बंगले में शिफ्टिंग का इंतजार है। इस बंगले में पूर्व विधायक नरपत सिंह राजवी का परिवार रह रहा है। राजवी चुनाव हार चुके हैं और अब विधायक भी नहीं रहे।



पूर्ववर्ती सरकार के नेताओं को बंगले खाली करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने तीन फरवरी की डेडलाइन जारी की थी। नियमानुसार यदि दो माह में बंगला खाली नहीं करते तो संबंधित से हर दिन का दस हजार रुपए किराया वसूला जा सकता है।

Updated on:
01 Mar 2024 07:42 am
Published on:
01 Mar 2024 07:42 am