
B
B
Bहुब्बल्ली.B भारतीय जनता पार्टी के नेता भास्कर एन. जितूरी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नीट परीक्षा से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों को कठोर दंड दिया जाए तथा प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय मिलना चाहिए तथा इस प्रकरण में यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही हुई है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। जितूरी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मांगें लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठानी चाहिए। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन के दौरान संसद, विधानसभा अथवा अन्य सरकारी संस्थानों की गरिमा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाएं देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जितूरी ने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों को विद्यार्थियों के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय उनके हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के उकसावे में नहीं आने तथा कानून का पालन करते हुए अपनी बात रखने की अपील की।