
हुब्बल्ली. कर्नाटक जैन एजुकेशन ट्रस्ट के आर्यन्स पब्लिक स्कूल गिरी नगर में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष समारोह राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के स्मरण के कारण और भी विशेष रहा। कार्यक्रम में अतिथियों के स्वागत के बाद पूजा एवं ध्वजारोहण हुआ। किंडरगार्टन तथा कक्षा 1 से 4 के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। कक्षा 2 से 9 के कब्स-बुलबुल्स तथा स्काउट्स-गाइड्स ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। विद्यार्थियों ने हिंदी, कन्नड़ और अंग्रेजी में स्वतंत्रता दिवस पर विचार रखे, जबकि कक्षा 5 से 7 ने सामूहिक गान प्रस्तुत किया। कक्षा 8 और 9 के विद्यार्थियों ने आकर्षक रिपल नृत्य तथा कक्षा 10 ने बैंड प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि एवं प्रबंधन सदस्यों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। समारोह के बाद आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित की। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष रमेश बाफना, उपाध्यक्ष विक्रम जैन, सचिव संदीप जैन, कोषाध्यक्ष प्रवीण जैन, निदेशक मुकेश हिंगर, निदेशक राकेश जैन, प्रबंधन समिति के सदस्य शंकरलाल जैन, प्राचार्य डॉ. सिरीषा एलिज़ाबेथ, शैक्षणिक समन्वयक, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।