
मुकेश शर्मा / जयपुर . छेड़छाड़ के शक में कॉलोनी के लोगों की पिटाई से घायल हुए फैसल (26) ने बुधवार को एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि यूपी निवासी फैसल के परिजनों की रिपोर्ट पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। अब मामला हत्या में बदल गया है। हालांकि विश्वकर्मा पुलिस ने जानलेवा हमले के ममाले में कॉलोनी के निशांत मोदी व महेन्द्र को चार फरवरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपितों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
पेड़ से बांध, जमकर पिटा
पुलिस ने बताया कि फैसल चप्पल की फैक्ट्री में काम करता था और विश्वकर्मा रोड नंबर 17 स्थित युवराज नगर में किराए से रहता था। वह 3 फरवरी को घर के बाहर पड़ोस में रहने वाली बच्चियों के साथ सड़क पर खेल रहा था। बच्चियों के छेड़छाड़ के शक में लोगों ने फैसल को पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई की। विश्वकर्मा पुलिस ने फैसल को एसएमएस अस्पताल भर्ती करवाया। जहां पर बुधवार को उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में फरार हुए अन्य आरोपितों को तलाश कर रही है।
पहले भी आ चुके मामले सामने
आगरा रोड स्थित प्रेम नगर पुलिया के पास एक बालिका से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपितों को लोगों ने खंभे से बांधकर जमकर पिटाई की थी। तब सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंधक युवकों को बड़ी मशक्कत के बाद लोगों के चंगुल से मुक्त करवाया था। आरोपित युवक परचूनी की दुकान पर सामान लेने पहुंची एक बालिका को जबरन बाइक पर बैठकार ले जा रहे थे, तभी बालिका की चीख सुन उसके पिता युवकों को अन्य लोगों की मदद से पकड़ लेते हैं।