जयपुर

ठेकेदार ने वॉश आउट वॉल को तोड़ लिया टंकी से अवैध पानी

चौंप गांव का मामला : ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन, पंचायत समिति सदस्य इंदौरा के आश्वासन पर माने ग्रामीण... चौंप पंचायत प्रशासन की मिलीभगत कहें या फिर जलदाय विभाग की लापरवाही, लेकिन यहां पर काम कर रहे ठेकेदार ने टंकी से 1 इंच का अवैध कनेक्शन कर पानी ले रहा है। यह बात जब ग्रामीणों को पता लगी तब ग्रामीण गुरुवार को टंकी के पास पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। 

2 min read
May 20, 2022
ठेकेदार ने वॉश आउट वॉल को तोड़ लिया टंकी से अवैध पानी

जयपुर। चौंप गांव में भले ही पेयजल संकट चल रहा हो और इसके चलते जलदाय विभाग (water supply department) अवैध कनेक्शन को लेकर कार्रवाई कर रहा हो या फिर लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिले, लेकिन चौंप गांव में जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) के तहत बन रही टंकी के लिए ठेकेदार को जरूर पर्याप्त पानी मिल रहा है।

इसे चौंप पंचायत प्रशासन की मिलीभगत कहें या फिर जलदाय विभाग की लापरवाही, लेकिन यहां पर काम कर रहे ठेकेदार ने टंकी से 1 इंच का अवैध कनेक्शन कर पानी ले रहा है। यह बात जब ग्रामीणों को पता लगी तब ग्रामीण गुरुवार को टंकी के पास पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में सूचना पर मौके पर पंचायत समिति सदस्य कैलाश इंदौरा ने पहुंचकर ठेकेदार व जलदाय विभाग के अधिकारियों से बात कर कनेक्शन हटाने की बात की।

यह है मामला
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत चौंप में जल जीवन मिशन के तहत 4.5 करोड़ की लागत से पानी के लिए टंकी निर्माण व अन्य कार्य किया जाएगा। इसी के तहत चौंप में टंकी बनाने का कार्य शुरू हो गया है और इस टंकी बनाने में जो पानी और बिजली काम में आ रही है। वह दोनों ही अवैध है। यहां पहले से बनी टंकी वॉश आउट वॉल को तोड़कर ठेकेदार ने 1 इंच की सीधा टंकी से पाइप लाइन जोड़ पानी की आपूर्ति कर रहा है। वहीं बात करें तो विद्युत विभाग से भी बिजली की चोरी कर रहा है। इसकी जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

लोगों को 25 मिनट, ठेकेदार को 24 घंटे पानी
स्थानीय लोगों ने कहा कि पूरे चौंप गांव में पेयजल संकट चल रहा है। इसके तहत जलदाय विभाग ने 2 दिन में करीब 10 अवैध कनेक्शन भी काट दिए हैं और अब चौंप में करीब 25 मिनट पानी मिलने लगा है, लेकिन पंचायत प्रशासन व जलदाय विभाग की मिलीभगत के चलते ठेकेदार को वॉश आउट वॉल को तोड़कर एक प्लेट लगाकर एक इंच मोटा पाइप जोड़कर पानी दिया जा रहा है और ठेकेदार 24 घंटे पानी को काम में ले रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच व जलदाय विभाग से साठ-गांठ कर ठेकेदार टंकी से सीधा पाइप जोड़कर पानी ले रहा है। ऐसे में ठेकेदार सैकड़ों लीटर पानी काम ले रहा है।

इनका कहना है

ठेकेदार ने वॉश आउट लाइन से पाइप जोड़कर पानी लिया है तो वह गलत है। मुझे इस बारे में अभी जानकारी प्राप्त हुई है। मैं इसे तुरंत हटवा दूंगा। रही बात एफआईआर की अगर आगे से ठेकेदार ऐसी लापरवाही बरतेगा तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राहुल शर्मा, सहायक अभियंता जलदाय विभाग, आमेर

अवैध कनेक्शन का ग्रामीणों को एतराज है तो मैं उसे हटवा दूंगा तथा बिजली के लिए टेंपरेरी कनेक्शन की अप्लाई कर दी है।

धर्मेंद्र कुमावत, ठेकेदार

Published on:
20 May 2022 12:50 am
Also Read
View All