
फ्लायर: झाझीरामपुरा में अविरल बहती है जलधारा
सावन का सत्कार
बसवा. क्षेत्र के झाझीरामपुरा स्थित प्राचीन रूद्र महादेव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां भगवान रूद्र महादेव के साथ राधा-कृष्ण मंदिर, राधा कुंड और गोमुख जलधारा से जुड़ी कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं।
स्थानीय लोककथाओं के अनुसार प्राचीन समय में एक राजा शिकार के लिए निकले थे। शिकार के दौरान उनके हाथों वन्यजीव का वध हो गया। इसे राजा ने गंभीर अपराध माना और प्रायश्चित के लिए पहाड़ों की ओर चले गए। वहां संत मिल गए। संतों ने राजा को पाप निवारण के लिए धार्मिक स्थल निर्माण और पूजा-अर्चना का मार्ग बताया। पुजारी पंडित कैलाश अवस्थी के अनुसार संतों के मार्गदर्शन में राजा ने यहां मंदिर, तालाब और कुंड का निर्माण करवाया। जल व्यवस्था की जिम्मेदारी संतों को सौंपी गई। इसके बाद धीरे-धीरे यह स्थान धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया। मंदिर हजारों साल पुराना है।
## राधा कुंड और गोमुख जलधारा का विशेष महत्व
मंदिर परिसर में स्थित राधा कुंड और राधा-कृष्ण मंदिर का भी विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार शिवलिंग और गोमुख से निकलने वाली जलधारा के कारण यह स्थल जहाज राजेश्वर महादेव के नाम से भी प्रसिद्ध है। गंगा दशहरा के अवसर पर यहां जल प्रवाह और धार्मिक आयोजनों की विशेष मान्यता बताई जाती है।
## विशेष अवसरों पर होते हैं धार्मिक अनुष्ठान
पुजारी अवस्थी के अनुसार सोमवती अमावस्या, सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण के अवसर पर सुबह करीब 4 बजे विशेष पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। मंदिर परिसर में मौजूद पुराने गूलर और जामुन के पेड़ों को भी श्रद्धा से जोड़ा जाता है।
## मंदिर की मान्यता, प्रमाण की जरूरत
स्थानीय मान्यता के अनुसार मंदिर का इतिहास हजारों वर्ष पुराना बताया जाता है। हालांकि इसके प्रमाण के लिए शिलालेख और ऐतिहासिक दस्तावेजों का अध्ययन आवश्यक है। राजा से जुड़ी कथा भी लोक परंपराओं पर आधारित है, जिसके ऐतिहासिक प्रमाण मिलने पर ही इसे निश्चित रूप से स्थापित किया जा सकता है।
## सुविधाओं की जरूरत
धार्मिक महत्व के बावजूद मंदिर परिसर में कुछ सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला शौचालय निर्माण, रात्रि सुरक्षा के लिए चौकीदार व्यवस्था और सावन माह में महिला पुलिस कांस्टेबल सहित सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जा रही है।