जयपुर

पंच अथाई से बाइपास तक जगमगाया मार्ग

Aug 03, 2026
Rajasthan

पंचायत समिति की पहल पर 26 पोलों पर लगाई 60 रोड लाइटें

नांगल राजावतान. उपखंड मुख्यालय के पंच अथाई मुख्य द्वार से बाइपास तक का मार्ग अब रात में रोशनी से जगमगा रहा है। पंचायत समिति की पहल पर मुख्य मार्ग पर रोड लाइटें लगाई गई हैं, जिससे वाहन चालकों और ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है।

पंचायत समिति प्रधान दिनेश कुमार बारवाल ने बताया कि एसएफसी मद से पांच लाख रुपए का बजट स्वीकृत कर ग्राम पंचायत प्यारीवास को रोड लाइट लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत पंच अथाई के मुख्य द्वार से दौसा की ओर बाइपास तक आधा किलोमीटर से अधिक दूरी वाले मार्ग पर डिवाइडर के बीच सीमेंट पोल लगाकर लाइटें स्थापित की गई हैं।


ग्राम पंचायत प्यारीवास की सरपंच रेखा देवी बैरवा ने बताया कि पंचायत समिति के तकमीने के अनुसार 22 सीमेंट पोलों पर 42 लाइटें लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन ग्राम पंचायत ने अतिरिक्त प्रयास करते हुए 26 पोलों पर 60 रोड लाइटें लगवा दीं। बिजली कनेक्शन शुरू होने के बाद अब रात के समय पूरा मार्ग रोशन रहता है।



ग्रामीणों का कहना है कि रोशनी की सुविधा मिलने से आवागमन आसान हुआ है। साथ ही मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका कम होगी। रोड लाइट शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

Updated on:
03 Aug 2026 06:01 am
Published on:
03 Aug 2026 06:01 am