जयपुर

फिर घटिया सामग्री से बन रही सड़क

सावरदा से नरैना के बीच दो साल में दो बार हो चुका है पेचवर्क
2 min read
Jun 21, 2018
raod
फिर घटिया सामग्री से बन रही सड़क

जयपुर

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 से वाया सावरदा से नरैना के बीच दो साल पहले बनी सड़क घटिया निर्माण सामग्री के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। जहां-जहां से सड़क टूटी थी वहां-वहां फिर से सड़क बनाई जा रही है लेकिन इसमें फिर से घटिया निर्माण सामग्री काम में ली जा रही है। आशंका है कि यह सड़क बारिश के मौसम में गड्ढों में तब्दील हो जाएगी। जो ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है।

बारिश में रहेगी उखड़ने की आशंका

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का पहले भी दो बार पेचवर्क हो चुका है लेकिन घटिया निर्माण सामग्री के चलते सावरदा-नरैना के बीच 12 किमी सड़क उखड़ गई है। कई जगह तो हालत यह है कि सड़क में गहरे गड्ढे होने से वाहन चालक हादसे का शिकार हो चुके हैं। हालांकि सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग की देखरेख के कारण ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहा है। घटिया सामग्री के कारण बारिश में सड़क उखडऩे की आशंका रहेगी।

हादसों का कारण बनी सड़क

सड़क पर गड्ढों के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। एक तो बारिश में क्षतिग्रस्त सड़क पर पानी भर जाता है और रोड लाइट नहीं होने के कारण रात में हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है। फिर भी विभागीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं।

शिकायत के बाद जिला परिषद के सदस्य ने लिया जायजा

ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को घटिया साग्रमी से सड़क निर्माण की शिकायत की है। दूसरी तरफ शिकायत के बाद जिला परिषद सदस्य चंद्रकांता बधाला ने सड़क का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को अवगत करवाकर शीघ्र ही कार्रवाई करने के लिए कहा है।

जहां सड़क अत्यधिक क्षतिग्रस्त हुई है वहीं मरम्मत की जा रही है। जहां तक घटिया निर्माण सामग्री का मामला है। ऐसा कुछ नहीं है। ग्रामीणों का कार्य शिकायत करना है फिर भी मामले को दिखवाता हूं। - अजय आर्य, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग जयपुर

Published on:
21 Jun 2018 01:11 pm