worldBicycle Dayयुवाओं में लोकप्रिय हो रहा है इंटरनेशनल स्पोर्ट
आज ‘वर्ल्ड बायसाइकिल डे’ है। इको-फ्रेंडली ट्रांसपोर्टेशन और सेहत के सच्चे साथी के रूप में इस दिन को सेलिब्रेट किया जाता है। खास साइकिलों की मदद से परफॉर्म किए जाने वाले इंटरनेशनल स्पोर्ट बीएमएक्स और एमटीबी का शहर के युवाओं में भी क्रेज है। बीएमएक्स यानी बायसाइकिल मोटरक्रॉस और एमटीबी यानी माउंटेन बाइक, एक रोमांचक और स्टंट बेस्ड इंटरनेशनल स्पोर्ट है। जयपुर के रोहित सिंह चौहान इस स्पोर्ट में शहर का नाम पूरे देश में रोशन कर चुके हैं। पोलैंड में 29 जुलाई से होने वाली वर्ल्ड एमटीबी चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए उन्हें भी बुलाया गया था, लेकिन पासपोर्ट और वीजा में देरी के कारण वह नहीं जा सके।
फोटो: दिनेश डाबी
प्रोत्साहन मिले तो मेडल पक्का
रोहित ने बताया कि वह देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म कर चुके हैं। आमिर खान के साथ एड फिल्म में स्टंट परफॉर्म कर चुके हैं। फिल्मों और एड के लिए भी काम किया है। रोहित का कहना है कि भारत में इस स्पोर्ट्स को अब भी लोग सम्मान से नहीं देखते। जब वह प्रैक्टिस करते हैं, तो लोग उन्हें ऐसे देखते हैं, जैसे वह सर्कस कर रहे हैं। रोहित का कहना है कि अगर सरकार इस स्पोर्ट को प्रमोट करे और सालाना नेशनल लेवल की चैम्पियनशिप का आयोजन करे, तो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में जयपुर के खिलाड़ी भी मेडल्स ला सकते हैं। बिना प्रोत्साहन के अब तक बहुत से युवा बीएमएक्स और एमटीबी खिलाड़ी इस स्पोर्ट को छोड़ चुके हैं। यह महंगा स्पोर्ट है, जिसकी स्पेशल कस्टमाइज्ड साइकिल भी 2 से 2.5 लाख में आती है।