जयपुर

जयपुर में द्रव्यवती नदी के दोनों किनारे होगा सुनियोजित विकास, कॉलोनियों को जोड़ेंगे नए कलवर्ट

द्रव्यवती नदी के दोनों ओर जेडीए की जो रिक्त भूमि है, उसका विधिक परीक्षण कर योजनाबद्ध तरीके से सदुपयोग किया जाएगा। इस भूमि पर मैरिज गार्डन, स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन (बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट सहित) और अन्य जनसुविधाओं के विकास के विकल्प तलाशे जाएंगे।

less than 1 minute read
Jan 24, 2026

जयपुर। जयपुर शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा देने की तैयारी में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने द्रव्यवती नदी परियोजना के दोनों ओर स्थित भूमि के विकास की योजना पर काम शुरू कर दिया है। जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने शनिवार को द्रव्यवती नदी परियोजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जेडीसी ने कहा कि द्रव्यवती नदी के दोनों ओर जेडीए की जो रिक्त भूमि है, उसका विधिक परीक्षण कर योजनाबद्ध तरीके से सदुपयोग किया जाए। इस भूमि पर मैरिज गार्डन, स्पोर्ट्स एक्टिविटी जोन (बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट सहित) और अन्य जनसुविधाओं के विकास के विकल्प तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। इससे एक ओर जहां अतिक्रमण पर रोक लगेगी और दूसरी ओर आमजन को सुविधाएं मिलेंगी और जेडीए के लिए राजस्व अर्जन के अवसर भी बढ़ेंगे।

निरीक्षण के दौरान जेडीसी ने द्रव्यवती नदी और करतारपुरा जैसे अन्य बड़े नालों के दोनों ओर बसी कॉलोनियों के निवासियों की समस्याओं पर भी ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनियों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कलवर्ट निर्माण की संभावनाओं पर कार्य किया जाए।

जेडीसी ने बताया कि वर्तमान में कई क्षेत्रों में सीधी कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को एक कॉलोनी से दूसरी कॉलोनी जाने के लिए मुख्य सड़कों पर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कलवर्ट बनने से न केवल स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव भी कम होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

आयुक्त ने द्रव्यवती नदी परियोजना के साथ-साथ शहर के अन्य नालों का भी सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत के अनुसार वन-वे या टू-वे कलवर्ट का निर्माण कराया जा सके।

Published on:
24 Jan 2026 06:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर