
जयपुर ।
मनुष्य अपने जीवन में धन अर्जित करने के अनेक प्रयास करता है। हर कला और विज्ञान कहीं न कहीं धन से जरूर जुड़े हैं, क्योंकि धन ही वह माध्यम है जो किसी ज्ञान का महत्व बरकरार रखता है। ज्योतिष में ऐसे अनेक उपाय बताए गए हैं जो धन की तंगी को दूर कर सुख-समृद्धि की रक्षा करते हैं। जानिए, ऐसे ही कुछ असरदार उपाय।
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पीपल में भगवान विष्णु का वास होता है और जहां विष्णुजी विराजमान हैं, वहां देवी लक्ष्मी निवास करती हैं। इसलिए अपने पर्स में पीपल का एक साफ पत्ता जरूर रखें। रखने से पहले इसे गंगाजल या साफ पानी से धो लें। इसके बाद सिंदूर से उस पर श्री लिखें। यह पत्ता अपने पर्स में रखने से धन की कमी दूर होती है। पत्ते को समय-समय पर बदलना चाहिए और पुराना पत्ता जल में प्रवाहित कर देना चाहिए।
- पर्स में ढेरी सारी और अनुपयोगी चीजें न रखें। लंबे समय तक ये पर्स में होने से नकारात्मक प्रभाव पैदा करती हैं। अगर कोई वस्तु रोज काम में न आए और उसे पर्स में रखना जरूरी न हो तो बेहतर होगा कि आप उसे कहीं और रख दें। पर्स में उतनी ही चीजें रखें, जितनी जरूरी हों।
- धार्मिक अनुष्ठानों में चावल का उपयोग किया जाता है। ये देवी लक्ष्मी के वाहक और समृद्धि के कारक माने जाते हैं। तिलक लगाकर चावल लगाने का मर्म यही है कि इसके जरिए हम किसी व्यक्ति के सौभाग्य की कामना करते हैं। पूजन में जब लक्ष्मीजी को चावल चढ़ाएं तो उनमें से 21 दाने कागज की पुडिय़ा में रखें और उन्हें पर्स में रख लें। इससे सौभाग्य व लक्ष्मी का आगमन होता है।
- पर्स में अश्लील, कामुक चित्र आदि न रखें। ये दुर्भाग्य लाते हैं। जहां इनका अस्तित्व होता है, वहां मां लक्ष्मी निवास नहीं करतीं। इसी प्रकार पर्स में नुकीली वस्तु, ब्लेड आदि न रखें। इसमें अपने इष्टदेव का चित्र, मां लक्ष्मी का चित्र, श्रीयंत्र, चांदी का सिक्का, लक्ष्मी के चरणचिह्न आदि रख सकते हैं। इनसे धन की कमी दूर होकर कमाई में बरकत होती है।