जयपुर

21 नवंबर को होगा तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन

Aug 14, 2026
Rajasthan

कुड़गांव. अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण समाज की बैठक बजरंगपुरा स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में हुई। बैठक में समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान और जरूरतमंद परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में बजरंगपुरा परिता, तहसील वजीरपुर, जिला सवाई माधोपुर एवं जिला करौली के तत्वावधान में देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर 21 नवंबर को तृतीय सामूहिक विवाह सम्मेलन बजरंगपुरा परिता में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में 51 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य रखा गया है। वर पक्ष से 31 हजार रुपए और वधू पक्ष से 21 हजार रुपए विवाह राशि लेने का निर्णय किया गया। समाजहित में विधवा महिला की बेटी का विवाह निशुल्क कराने का भी निर्णय लिया गया।

सम्मेलन की कलश यात्रा में प्रधान कलश के लिए बोली लगाने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में तय किया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के बाद यदि कोई राशि शेष रहती है तो उसका उपयोग समाजहित के कार्यों में किया जाएगा। शेष राशि महर्षि अंगिरा फाउंडेशन ट्रस्ट, जिला सभा करौली, संभाग भरतपुर को देने का निर्णय लिया गया।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का उद्देश्य विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना, जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देना और समाज में एकता को मजबूत करना है।

बैठक के संबंध में सम्मेलन अध्यक्ष भरतलाल जांगिड़ परिता, उपाध्यक्ष दीनदयाल जांगिड़ खंडीप, वजीरपुर तहसील अध्यक्ष बाबूलाल किशोरपुर तथा सूरज परिता ने जानकारी दी।

Updated on:
14 Aug 2026 06:02 am
Published on:
14 Aug 2026 06:02 am