
हुब्बल्ली. तेरापंथ महिला मंडल हुब्बल्ली की वार्षिक साधारण सभा अत्यंत गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभा में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी योजनाओं पर चर्चा तथा मंडल की पारदर्शी कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में 80 से अधिक सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने मंडल की सक्रियता और एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल अध्यक्षा भाग्यवंती बागरेचा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए संगठन की एकता, सेवा, संस्कार एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला तथा आगामी वर्ष की योजनाओं को सफल बनाने का आह्वान किया। मंत्री कंचन चोपड़ा ने वर्षभर आयोजित धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष ललिता पालगोता ने मंडल का वार्षिक आय-व्यय विवरण एवं वित्तीय लेखा-जोखा पारदर्शी रूप से सदस्यों के समक्ष रखा।
Bप्रभावी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुझावB
इसके पश्चात अचला पालगोता ने मंडल के नियमों एवं विनियमों की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों से संगठनात्मक अनुशासन एवं नियमों के पालन का आग्रह किया। सभा में विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा भविष्य में अधिक प्रभावी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुझाव भी दिए गए। कार्यक्रम के अंत में संध्या बोहरा ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन निशा बोहरा ने किया। सभा में भाग्यवंती बागरेचा, कंचन चोपड़ा, ललिता पालगोता, अचला पालगोता, संध्या बोहरा और निशा बोहरा सहित 80 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।