
बूंदी पुलिस ने जयपुर के तीन युवकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बूंदी पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पापड़ी गांव में शराब दुकान के सेल्समैन को पिस्टल दिखाकर लूट करने के मामले में सख्त नाकाबंदी की गई थी। टोल नाका पर भी पुलिस की नाकाबंदी चल रही थी। तभी बांसला तिराहे की तरफ से एक दिल्ली नंबर की कार आई और उसमें से चार युवक नीचे उतरकर आपस में झगडऩे लगे। पुलिस ने युवकों को समझाया, लेकिन वे हंगामा करने लगे। पुलिस ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
बूंदी एसपी यादव ने बताया कि जयपुर के विश्वकर्मा में गुर्जरों की ढाणी निवासी राहुल प्रजापत (18), कानाराम गुर्जर (19), रामस्वरूप गुर्जर (19) और उनके साथी बूंदी के इंदरगढ़ निवासी श्यामलाल रायका को गिरफ्तार कर लिया। यादव ने बताया कि शुक्रवार को थाना लाखेरी क्षेत्र के पापड़ी गांव के शराब ठेके पर सेल्समैन से गन पॉइंट पर लूट की घटना के बाद संपूर्ण क्षेत्र में सीओ नतीशा जाखड़ के सुपरविजन में नाकाबंदी की गई थी। थानाधिकारी इंद्रगढ़ हरीश भारती मय टीम के टोल नाके पर नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान बाँसला तिराहे की तरफ से आई एक दिल्ली नंबर की सेंट्रो कार से चार युवक उतरे ओर आपस में लड़ाई झगड़ा कर हंगामा करने लगे। जिन्हें पुलिस टीम ने समझाया तो वे नहीं माने और एक दूसरे को मारने पर उतारू हो गये। जिनके पास से पुलिस ने एक पिस्टलनुमा लाइटर बरामद किया। इस लाइटर के मार्फत किसी व्यक्ति के साथ संज्ञेय अपराध कर सकने की आशंका पर चारों युवकों को गिरफ्तार किया गया। चारों के पास सेंट्रो गाड़ी के कागजात भी नहीं थे।